पाकिस्तान की सरजमीं से चला करोड़ों टिड्डियों का दल राजस्थान व हरियाणा में खेतों में तबाही मचाता हुआ शुक्रवार को झांसी पहुंच गया। अचानक आसमान में करोड़ों की तादाद में कीट मंडराने लगे। अनहोनी की आशंका के चलते लोग खिड़की - दरवाजे बंद कर घरों में कैद हो गए। टिड्डियों को भगाने के लिए कहीं थाली बजाई गईं तो कहीं धुआं भी किया गया।
शुक्रवार की शाम तकरीबन पांच बजे अचानक महानगर मेें आसमान में करोड़ों की संख्या में कीट मंडराने लगे। सबसे पहले इन्हें ग्वालियर रोड के इर्दगिर्द के इलाकों में देखा गया। यहां से आगे बढ़ता हुआ टिड्डियों का दल महानगर में प्रवेश कर गया। गनीमत ये रही कि ये कीट आसमान में उड़ते हुए आगे बढ़ते गए।
बावजूद, एक साथ इतनी भारी तादाद में कीट नजर आने पर लोग अनहोनी की आशंका करने लगे। कीट घरों में प्रवेश न कर जाएं, इसके लिए एहतियातन लोगों ने खिड़की - दरवाजे बंद कर लिए। नारायण बाग के इर्दगिर्द के इलाके में हरियाली नजर आने पर टिड्डियों का दल काफी देर तक मंडराता रहा।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी यही स्थिति बनी रही। सब्जियों की खेती करने वाले किसानों ने पौधों पर बैठे कीटों को खेतों में थाली बजाकर व अन्य प्रकार से तेज आवाज कर तथा धुआं कर भगाया। टिड्डियों का दल आसमान में उड़ता हुआ ललितपुर की ओर आगे बढ़ता देखा गया।