झांसी। सीपरी बाजार थानांतर्गत सूर्य पुरम् आवास विकास कालोनी के एक बंद मकान के ताले चटकाकर सोने के जेवरात और करीब 25 हजार रुपये चुराकर ले गए।
आयुर्वेदिक कालेज से सेवानिवृत्त डा. एके त्रिपाठी सूर्यपुरम् में अपनी पत्नी नलिनी त्रिपाठी के साथ रहते हैं। दोनों 22 जुलाई को अपनी बेटी से मिलने दिल्ली गए थे। रविवार की रात को जब दोनों लौटकर घर आए तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था।
अलमारियां खुली थीं और सामान कमरे में पड़ा था। यह जानकारी होने पर आसपास के काफी लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। डा. त्रिपाठी ने बताया कि चोर करीब 30-40 ग्राम सोने के जेवरात और 25 हजार रुपये चुराकर ले गए हैं।