झांसी। मंगलवार रात को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश को लॉक डाउन करने के ऐलान के बाद बाजार में भीड़ उमड़ पड़ी। रोजमर्रा के जरूरी सामान की खरीद के लिए लोगों ने बाजार का रुख किया। इस दौरान सुभाषगंज क्षेत्र में अफरातफरी का आलम रहा। बाजार में जाम के हालात बने रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को धैर्य रखने और सामान की आपूर्ति होने की जानकारी दी।
कोरोना वायरस की वजह से जिले को लॉक डाउन किए जाने की चर्चा चल रही थी। मंगलवार शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 दिन के लिए लॉक डाउन का ऐलान किया, तो लोगों की चिंता बढ़ गई। लोग बाजार की ओर दौड़ पड़े। इस दौरान किराना या सब्जी की जो भी दुकान खुली मिली, उस पर लोगों की भीड़ लग गई। सुभाषगंज क्षेत्र में आटा, दाल, चावल, तेल के अलावा अन्य घरेलू सामानों की जमकर खरीद हुई। बाजार में भीड़ उमड़ने से जाम के हालात बने रहे। इसके साथ ही बड़ा बाजार में सब्जी की दुकानों पर भीड़ रही। इसके अलावा लोगों ने मेडिकल स्टोर से दवाएं खरीदीं।
हालांकि कुछ लोगों को पहले से ही इस बात का आभास हो गया था कि जरूर कुछ बड़ा होने वाला है। लिहाजा उन्होंने समय रहते जरुरी खान पान का सामान खरीद लिया था। गैस सिलिंडर तक लोगों ने भरवा लिए हैं। महानगर के सदर बाजार, सीपरी बाजार समेत तमाम क्षेत्रों में भीड़ उमड़ने के दौरान पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया।
----------
खूब हुई ओवररेटिंग
बाजार में भीड़ उमड़ने का व्यापारियों ने भी खूब फायदा उठाया। भीड़ के चलते आटा 35 रुपये किलो, अरहर की दाल 140 रुपये किलो, चावल 60-150 रुपये किलो तक बिका। इस दौरान तेल 150 रुपये से ऊपर पहुंच गया। वहीं सब्जियों में आलू 40 रुपये किलो, टमाटर 35 रुपये किलो और प्याज 50 रुपये किलो तक बिकी।