जिला प्रशासन ने लॉकडाउन के दौरान थोक व फुटकर दुकानों के खुलने का समय तय कर दिया है। लेकिन, सभी प्रतिष्ठानों को सामाजिक दूरी के नियम का पालन करना होगा।
लॉकडाउन की घोषणा होते ही बाजार में अफरातफरी की स्थिति मच गई थी। खासतौर पर खानपान की सामग्री की मांग बढ़ गई थी। दुकानों पर खूब भीड़ जमा हो रही थी, जिससे विश्व स्वास्थ्य संगठन के सामाजिक दूरी के नियम का पालन नहीं हो पा रहा था। लेकिन, प्रशासन ने दुकानों के खुलने का समय तय कर दिया है।
शुक्रवार को विकास भवन में व्यापारियों के साथ हुई बैठक में जिलाधिकारी आंद्रा वामसी ने बताया कि सब्जी और फल की बिक्री सुबह सात से दस बजे तक होगी। सुबह आठ से बारह बजे तक किराने की फुटकर दुकानें खुलेंगी। जबकि, किराने की थोक की दुकानें शाम पांच से रात आठ बजे तक खुलेंगी। थोक विक्रेताओं को फुटकर में खाद्यान्न बेचने की इजाजत नहीं होगी।
ओवर रेटिंग पर लगेगा एनएसए
लॉकडाउन होते ही ओवर रेटिंग भी खूब होने लगी है। कुछ थोक किराना व्यापारियों ने आटा, दाल, चावल व तेल के दाम मनमाने ढंग से बढ़ा दिए हैं। इससे फुटकर में भी दाम बढ़ गए हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इस स्थिति पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। ओवर रेटिंग करने वाले कारोबारियों को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत जेल भेजा जाएगा। डीएम ने कहा कि दुकानों में जमाखोरी न हो और दवाएं मूल दर पर ही मिलें। शॉपकीपर रेट लिस्ट चस्पा करें। ऐसे संवेदनशील समय में हम सभी को आगे बढ़कर सामाजिक जिम्मेदारी निभानी होगी। सूत्रों के अनुसार ओवररेटिंग करने वाले किराने के दस थोक व्यापारियों को चिह्नित किया गया है। इसके अलावा कुछ दवा व्यापारी भी प्रशासन के निशाने पर हैं।
मान जाओ, वरना करनी पड़ेगी सख्ती
जिलाधिकारी आंद्रा वामसी ने कहा कि महानगर की अपेक्षा नगर निकायों में लॉकडाउन का अच्छा पालन हो रहा है। महानगर में अब भी लोग सड़कों पर निकलने से बाज नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो फिर सख्ती की जाएगी। एक-एक घर को छाना जा रहा है, संदिग्ध मरीजों को आइसोलेशन में भेजा जा रहा है। किसी को भी संदिग्ध मरीज की जानकारी हो तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
व्यापारियों ने दिए सुझाव
बैठक में व्यापारियों ने भी सुझाव रखे। महापौर रामतीर्थ सिंघल ने कहा कि मंडी में किसानों की फसल खरीदे जाने की व्यवस्था हो। व्यापारी नेता राजीव राय ने कहा कि घनी आबादी में जलापूर्ति दुरुस्त की जाए। घरेलू गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी रहे। संजय पटवारी ने कहा कि थोक विक्रेता रिटेलर तक सामान पहुंचा सकें, इसकी व्यवस्था की जाए। ममता यादव ने सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, अमित सिंह ने फसल कटाई में किसान की मदद करने, अतुल किलपन ने टू व्हीलर का संचालन बंद करने, संतोष साहू ने लोडिंग गाड़ियों के जरिये किराने का सामान वार्डों में पहुंचाने का सुझाव दिया। राजेश बिथरने ने कहा कि पास जारी कर एजेंसियों से छोटे दुकानदारों तक माल पहुंचाने की व्यवस्था बनाई जाए। इस मौके पर धीरज खुल्लर, पीयूष रावत, शकील खान, दिलीप अग्रवाल आदि मौजूद रहे। संचालन डॉ. नीति शास्त्री ने किया।