नगरिया कॉलोनी निवासी शराब कारोबारी आकाश चतुर्वेदी को 75 लाख रुपये ले जाते हुए पुलिस ने पकड़ा। कारोबारी इस नकदी का विवरण भी नहीं बता सका। शक होने पर पुलिस कारोबारी को लेकर नवाबाद थाने पहुंची। यहां उससे पूछताछ की गई। आयकर विभाग की टीम को भी बुला लिया गया।
सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम के मुताबिक पुलिस वांछित सट्टेबाजों को तलाश रही है। शनिवार देर-रात पुलिस को भारी नकदी के साथ जा रहे एक व्यक्ति के बारे में मालूम चला। पुलिस ने कंबल मिल के पास से आकाश को पकड़ा। स्कूटी की डिग्गी चेक करने पर उसके भीतर दो बैग में रखे 75.47 लाख रुपये, तीन मोबाइल, सात चेकबुक और पांच डेबिट कार्ड मिले। वह नकदी के बारे में संतोष जनक जवाब नहीं दे सका।
मूल रूप से बरुआसागर थाने के चिपलौठा गांव के आकाश के पास सदर बाजार एवं बबीना में शराब के दो ठेके भी हैं। आयकर टीम ने भी उससे पूछताछ की लेकिन वह नकदी के बारे में संतोष जनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस ने नकदी समेत अन्य वस्तुएं आयकर विभाग को सौंप दी। सीओ सिटी के मुताबिक आगे की छानबीन आयकर विभाग करेगी।