फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बड़ा बाजार और कांशीराम कॉलोनी में हो रही सबसे अधिक बिजली चोरी

विज्ञापन
विज्ञापन
झांसी। शहर में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी हो रही है। इसका खामियाजा विभाग को राजस्व के रूप में और नगरवासियों को कटौती के रूप में भुगतना पड़ रहा है। बड़ा बाजार और कांशीराम कॉलोनी में सबसे अधिक बिजली चोरी हो रही है। यहां साठ फीसदी तक लाइन लॉस है।
विज्ञापन

महानगर में मुन्नालाल पावर हाउस, उनाव गेट, सूती मिल, रानी महल, हाइडिल, जेल चौराहा, सीपरी बाजार और पुलिया नंबर नौ सब स्टेशनों के माध्यम से शहरवासियों को बिजली उपलब्ध कराई जाती है। महानगर में कुल 1,04,996 घरेलू उपभोक्ता हैं। बिजली विभाग द्वारा तमाम अभियान चलाने के बाद भी बिजली चोर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। प्रतिदिन महानगर के अलग- अलग क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसमें विजिलेंस और पीएसी के जवानों के साथ चेकिंग की जा रही है। प्रतिदिन बिजली चोर पकड़े भी जा रहे हैं। बिजली विभाग अलग- अलग फीडरों में बिजली चोरी और लाइन लॉस की मानीटरिंग भी कर रहा है। अब तक जो आंकड़े आए हैं, उसमें बड़ा बाजार क्षेत्र में सबसे अधिक बिजली चोरी हो रही है।
बड़ा बाजार शहर का सबसे पुराना क्षेत्र है और यहां आबादी बहुत घनी है। यहां पर बिजली चोरी थम नहीं रही है। पिछले महीने यहां पर लाइन लॉस करीब साठ फीसदी है। दूसरे नंबर पर मान्यवर कांशीराम कॉलोनी में भी साठ फीसदी बिजली चोरी हो रही है। इसके अलावा थापक बाग में करीब 57 प्रतिशत लाइन लॉस है और बिजली चोरी के मामले में तीसरे स्थान पर है। उधर, इलाइट चौराहा क्षेत्र की अपनी समस्या है। यहां पर करीब 53 प्रतिशत लाइन लॉस है, लेकिन व्यापारियों का तर्क है कि कोरोना काल में दुकानें बंद रहीं, इस कारण पैसा जमा करने में असुविधा हो रही है।
विज्ञापन

बिजली चोरों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उनके खिलाफ प्रतिदिन मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। उपभोक्ता कम खपत वाले उपकरणों का प्रयोग करें और ट्रांसफार्मर पर अनावश्यक लोड न डालें।
- डी यादवेंदु, अधिशासी अभियंता
बिजली चोरी पकड़ी
बिजली विभाग ने अधिशासी अभियंता डी यादवेंदु के निर्देशन में उनाव बालाजी मार्ग पर भानी देवी गोयल स्कूल के पीछे चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान चार लोग बिजली चोरी करते पकड़े गए। इसी तरह थापक बाग में भी बिजली चोरों की जांच की गई। यहां पर भी चार लोग बिजली चोरी करते पकड़े गए। इनमें से पांच लोग सीधे कटिया डालकर बिजली चोरी कर रहे थे। एसडीओ कन्हैयालाल ने बताया कि सभी के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। इसी तरह उनाव गेट बाहर, भांडेरी गेट, मोहल्ला पन्नालाल, खारा कुआं और अंजनी नगर में बिचली चेकिंग अभियान के दौरान दो व्यक्ति कटे कनेक्शन पर कटिया डाले पकड़े गए। एक व्यक्ति केबिल डालकर बिजली चोरी कर रहा था। एक व्यक्ति का कनेक्शन कटा हुआ था और मीटर भी नहीं था, इसके बाद भी वह बिजली चोरी कर रहा था। एक अन्य व्यक्ति को कटे कनेक्शन पर बिजली चोरी करते पकड़ा गया। तीन अन्य व्यक्ति भी बिजली चोरी करते पकड़े गए। सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
विभाग 3.14 करोड़ सरचार्ज माफ करेगा
एकमुश्त समाधान योजना लागू की गई है। महानगर को दो डिवीजन में बांटा गया है। इसमें डिवीजन फर्स्ट में 51,357 और डिवीजन सेकेंड में 53,638 उपभोक्ता हैं। कुल उपभोक्ताओं में से डिवीजन फर्स्ट में 1,617 और डिवीजन सेकेंड में 1,784 बकाएदार हैं। इनके ऊपर 21.84 करोड़ रुपये की बकाएदारी है। शासन ने एकमुश्त समाधान योजना शुरू की है, ताकि बकाएदार अपना पैसा जमा कर सकें। बकाएदारों पर बिजली के बिल के अलावा 3.14 करोड़ रुपये सरचार्ज लगाया गया ह्रै। एकमुश्त समाधान योजना में यदि उपभोक्ता अपना पंजीकरण कराते हैं और बकाया जमा कर देते हैं तो सरचार्ज माफ कर दिया जाएगा। योजना के अंतर्गत डिवीजन फर्स्ट में 1.75 करोड़ रुपये और डिवीजन सेकेंड में 1.39 करोड़ रुपये की छूट दी जाएगी। उपभोक्ता एकमुश्त समाधान योजना का लाभ उठा सकते हैं। घरेलू और निजी नलकूप उपभोक्ता 15 मार्च तक पंजीकरण करा सकते हैं। विद्युत बिल में सौ प्रतिशत सरचार्ज माफ किया जाएगा। इसके लिए 30 प्रतिशत पैसा जमा कर पंजीकरण कराया जा सकता है। संपूर्ण बिल का भुगतान 31 मार्च तक करना होगा। www.upenergy.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कराकर उपभोक्ता एकमुश्त समाधान योजना का लाभ ले सकते हैं।
विज्ञापन

जनवरी 2021 तक के बिजली के बिलों में सौ प्रतिशत ब्याज माफी का सुनहरा मौका है। उपभोक्ता एकमुश्त समाधान योजना का लाभ उठा सकते हैं।
- अनुभव कुमार, अधिशासी अभियंता
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें