Light thief arrest, reading light
झांसी। बिजली विभाग की दस टीमों ने शनिवार को नंदनपुरा क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 810 कनेक्शन चेक किए। चार मीटरों में रीडिंग स्टोर पाई गई। एक उपभोक्ता को मीटर बाईपास कर बिजली चोरी करते पकड़ा गया।
बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता (द्वितीय) अनुभव कुमार के निर्देश पर शनिवार को नंदनपुरा क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया। एक साथ दस टीमों ने नंदनपुरा, दीनदयाल नगर, रस बहार कॉलोनी, कृष्णा इनक्लेव व खातीबाबा की अलग- अलग गलियों में 810 मीटर चेक किए। चेकिंग के दौरान चार उपभोक्ताओं के मीटर में रीडिंग स्टोर पाई गई। इसके लिए मीटर रीडर को जिम्मेदार मानते हुए संबंधित कंपनी को उस पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। एक उपभोक्ता को मीटर बाईपास करके बिजली चोरी करते पकड़ा गया, जिससे जुर्माना वसूल किया जाएगा। सत्रह खराब मीटरों को बदल दिया गया। चेकिंग में उपखंड अधिकारी निखिल जिंदल, मुुकेश चौरसिया, अवर अभियंता चंद्रभान, संजीव प्रभाकर, रमेश चंद्र, वर्षा रायकवार व बलराम मौजूद रहे।