झांसी। लगातार चौथे दिन भी मेघा बरसे। रुक रुक कर दिन भर बारिश होती रही। कभी हल्की फुहार तो कभी तेज बौछार ने तापमान में ठंडक घोल दी। पिछले कुछ समय से सूखे की चपेट में रहे बुंदेलखंड के लिए यह राहत भरी बारिश है। मौसम विभाग का आगे भी अच्छी बारिश का अनुमान है।
बीते सोमवार से झांसी समेत बुंदेलखंड के तापमान में काफी गिरावट आ गई है। कारण अच्छी बारिश होना है। मंगलवार और बुधवार को हुई झमाझम बारिश का क्रम बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। पिछले दो दिनों के मुकाबले बृहस्पतिवार को बारिश थोड़ी कम तो हुई लेकिन अधिकतम तापमान में और गिरावट आ गई। रुक रुककर बारिश होना जल स्तर के लिए भी फायदेमंद है।
ऐसी बारिश का पानी जमीन के अंदर जाता है न कि नालों के जरिए नदी में। धीमी बारिश के कारण जलस्तर बढ़ जाता है। लगातार हो रही अच्छी बारिश ने किसानों के चेहरे खिला दिए हैं, साथ ही सूख चुके जलाशय, कुओं को पुनर्जन्म देने का काम किया है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. मुकेश चंद्र ने बताया कि पिछले दो सालों की तुलना में इस बार काफी अच्छी बारिश अब तक हो चुकी है। आगे भी अच्छे बारिश देखने को मिल सकती है।
तीन दिन में तीन डिग्री गिरा तापमान
दिन अधिकतम न्यूनतम
मंगलवार 32 डिग्री 26 डिग्री
बुधवार 31 डिग्री 25 डिग्री
बृहस्पतिवार 29 डिग्री 26 डिग्री
खेती के लिए फायदा
यह बारिश खेती के लिए फायदेमंद है। अभी मूंगफली की 55 से 70 फीसदी बुआई हो चुकी है। इसलिए बारिश से फसल को फायदा होगा। किसान तिल की फसल को 15 जुलाई के बाद बो सकते हैं। 15 जुलाई से पहले इसमें माइक्रोप्लाज्मा के जरिए फायलोडी रोग फैलता है, जिससे तिल की फसल में गुच्छे बन जाते हैं।
15 जुलाई के बाद तापमान में ठंडक होने से रोग का असर कम हो जाएगा। बारिश के बाद उड़द, मूंग, सोयाबीन, मूंगफली, अरहर, ज्वार, मक्का की बुआई कर सकते हैं। फूलगोभी, पत्तागोभी, टमाटर, मिर्च, बैगन, कद्दू, करेला, खीरा, लौकी, तुरई के बीच जिन्होंने बो दिए हैं, उनके लिए और जो लगाने वाले हैं उनके लिए भी बारिश मुनाफे वाली है।