मानसून की पहली जोरदार बारिश में महानगर के 30 से अधिक क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई। गल्ला मंडी सबस्टेशन की सप्लाई तीन घंटे बाद सुचारु हो सकी। कई इलाकों में फाल्ट के कारण बिजली गुल रही। देर रात तक बिजली की आवाजाही होती रही।
बुधवार की शाम सवा पांच बजे से छह बजे तक हुई तेज बारिश से सबसे ज्यादा व्यवधान बिजली सप्लाई पर पड़ा। इस बीच हंसारी ट्रांसमिशन लाइन से जुड़े सभी दस सबस्टेशनों की बिजली को बंद रखा गया। बारिश थमने पर गल्ला मंडी को छोड़ बाकी सबस्टेशनों की सप्लाई चालू हो गई। हंसारी से गल्ला मंडी सबस्टेशन आने वाली हाइटेंशन लाइन में फाल्ट आने से संबंधित आपूर्ति क्षेत्रों की आपूर्ति चालू नहीं हो सकी। कर्मचारियों ने पेट्रोलिंग कर फाल्ट को ढूंढा, लेकिन वह मिल नहीं सका। बाद में गल्ला मंडी लाइन से जुड़े बरुआसागर फीडर लाइन को अलग कर दिया गया। इस दौरान गल्ला मंडी सबस्टेशन से जुड़े गल्ला मंडी, मंडी रोड, डड़ियापुरा, बकरा मंडी, बाहर ओरछा गेट, कसाई मंडी, सैयर गेट, गोविंद चौराहा, खुशीपुरा, तालपुरा और आसपास क्षेत्र के लोगों को परेशानी हुई। मुन्नालाल सबस्टेशन में ट्रांसफार्मर के फ्यूज उड़ गए। टेलीफोन एक्सचेंज लाइन पर पेड़ की डाल टूटकर गिरने से जीवनशाह, बीकेडी, कुंज बिहारी कॉलोनी, बाबूलाल कारखाना, तहसील, लक्ष्मीबाई पार्क व आसपास क्षेत्रों की बिजली रात आठ बजे चालू हो सकी। इधर, सूती मिल सबस्टेशन से जुड़े थापक बाग चौराहे पर रखा ट्रांसफार्मर मंगलवार की रात गाज गिरने से खराब गया था। इस ट्रांसफार्मर को बुधवार की शाम बदला जा सका।