अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। केंद्रीय बजट में मेट्रो और नमो भारत ट्रेन चलाने की परियोजनाओं का विस्तार करने की घोषणा की गई है। इससे झांसी में भी जल्द लाइट मेट्रो दौड़ने की उम्मीद बढ़ गई है। क्योंकि, जेडीए द्वारा लाइट मेट्रो की डीपीआर तैयार की जा चुकी है।
बजट में शहरों में सिटी ट्रांसपोर्ट की सुविधा बढ़ाने पर किए गए फोकस को देखते हुए यह माना जा रहा है कि प्रदेश के कई शहरों के लिए प्रस्तावित मेट्रो रेल परियोजनाओं के लिए केंद्र से बजट मिलने का रास्ता आसान हो जाएगा। ऐसे में प्रदेश के उन प्रमुख शहरों में झांसी भी शामिल है, जहां मेट्रो चलाने के लिए कवायद पहले से चल रही है। झांसी विकास प्राधिकरण ने राइट्स कंपनी की मदद से लाइट मेट्रो की डीपीआर तैयार की है। इसमें रूट से लेकर स्टेशन और बजट का ब्योरा शामिल है। महानगर में 20 किलोमीटर लंबे रूट पर मेट्रो दौड़ाने का प्रस्ताव है। मेट्रो के लिए दो रूट प्रस्तावित हैं। एक सेक्शन 12 किलोमीटर और दूसरे आठ किलोमीटर लंबा होगा। मेट्रो संचालन के लिए 2600 करोड़ के बजट की जरूरत बताई गई। अब केंद्रीय बजट में तेजी से बढ़ते शहरीकरण और मध्यम वर्ग की आबादी को देखते हुए मेट्रो और नमो भारत ट्रेन चलाने की परियोजनाओं का विस्तार करने की घोषणा की गई है। बजट में शहरों में सिटी ट्रांसपोर्ट की सुविधा बढ़ाने पर किए गए फोकस को देखते हुए यह माना जा रहा है कि झांसी समेत प्रदेश के कई शहरों के लिए प्रस्तावित मेट्रो रेल परियोजनाओं के लिए केंद्र से बजट मिलने का रास्ता आसान हो जाएगा। जेडीए उपाध्यक्ष आलोक यादव का कहना है कि झांसी में लाइट मेट्रो की डीपीआर तैयार की जा चुकी है।