अमर उजाला में 3 अक्तूबर को प्रकाशित खबर।
- फोटो : Archive
झांसी। जिला अस्पताल में एक साल से बंद लिफ्ट सोमवार को चालू हो गई। जिसका एडी हेल्थ और एसआईसी ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। अमर उजाला ने तीन अक्तूबर को ‘कागजों पर दौड़ रहे आदेश, एक साल से ठप है जिला अस्पताल की लिफ्ट’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की। उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ (यूपीआरएनएस) द्वारा लगवाई लिफ्ट एक साल से खराब है।
कार्यदायी संस्था ने कोई सुनवाई नहीं की तो डीएम ने सीडीओ को लिफ्ट सही कराने के आदेश दिए। सीडीओ ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को आदेशित किया मगर डेढ़ माह तक कोई सुनवाई नहीं हुई। खबर प्रकाशित होने पर अफसरों ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को सख्त हिदायत दी। इसके बाद छुट्टी के बावजूद इंजीनियरों की टीम लिफ्ट सही करने में जुटी रही। इससे सोमवार की दोपहर में लिफ्ट चालू हो गई। जिसका एडी हेल्थ डॉ. आरके सोनी और एसआईसी डॉ. आरके सक्सेना ने संयुक्त निरीक्षण किया। डॉ. आरके सक्सेना ने बताया लिफ्ट चालू हो गई है।
फॉलोअप
फायर एनओसी के निस्तारण का काम कल से
- इंजीनियरों की टीम पहुंची जिला अस्पताल
झांसी। जिला अस्पताल के पास फायर एनओसी (अनापत्ति) नहीं होने के खुलासे हड़कंप मचा है। कार्यदायी संस्था की टीम ने सोमवार को आश्वासन दिया कि ऑडिट आपत्तियों का बुधवार से निस्तारण किया जाएगा।
अमर उजाला ने दो अक्तूबर को ‘तब स्प्रिंकलर के बिना अनापत्ति, अब उसी कमी पर लगाई आपत्ति’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की। इसमें बताया कि तीन वर्ष पूर्व यूपीआरएनएस ने फायर फाइटिंग सिस्टम 1.94 करोड़ में लगाया था। तब एसआईसी कक्ष में स्प्रिंकलर नहीं लगा था और फायर एनओसी मिल गई। अब एनओसी नहीं मिल रही है। इस पर सोमवार को कार्यदायी संस्था के इंजीनियर जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बुधवार से आपत्तियों के निस्तारण का भरोसा दिया, ताकि फायर एनओसी मिल सके। ब्यूरो