मऊरानीपुर (झांसी)। तहसीलदार श्रीकृष्ण के साथ मारपीट करने के आरोपी लेखपाल को पुत्र के साथ जेल भेज दिया गया। जेल भेजने से पूर्व उसका चिकित्सीय परीक्षण किया गया। लेखपाल पर नशे में वारदात करने का आरोप है। तहसीलदार की तहरीर पर लेखपाल व उसके पुत्र पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज हुआ था। लेखपाल द्वारा भी तहसीलदार के विरुद्ध तहरीर दी गई, लेकिन उस पर कार्रवाई नहीं हुई।
कोतवाली पुलिस को तहसीलदार श्रीकृष्ण ने बताया कि मंगलवार की रात्रि 8:30 बजे वह अपने परिवार के साथ आवास पर था। लेखपाल जमुना प्रसाद व उसका पुत्र रवि बाइक से आए और घर में में घुस कर अभद्रता करने लगे। समझाने पर दोनों ने उनके साथ मारपीट कर दी तथा जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का भी प्रयास किया। आरोपी उन्हें लाठी-डंडों से पीट कर भाग निकले। कोतवाली पुलिस ने तहसीलदार का चिकित्सीय परीक्षण कराकर उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी लेखपाल व उसके पुत्र को जेल भेज दिया है।
इधर, मामले को लेकर लेखपालों में सुगबुगाहट देखने को मिली। उन्होंने काफी समय तक उपजिलाधिकारी व तहसीलदार से वार्ता भी की, मगर नतीजा शून्य रहा। बीच-बीच में ऐसी सूचनाएं भी आती रहीं कि लेखपाल थाने में दर्ज हुए मुकदमे को लेकर धरना-प्रदर्शन करने जा रहे हैं। लेकिन, लेखपाल संघ के पदाधिकारी मामले को लेकर कुछ भी कहने से बचते नजर आए।