झांसी। प्रदेश विधान परिषद के ‘झांसी-जालौन-ललितपुर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र’ की सोमवार को अधिसूचना जारी होगी। इसके साथ ही नामांकन पत्रों की बिक्री प्रारंभ कर दी जाएगी। नामांकन पत्र 15 फरवरी तक दाखिल किए जा सकेंगे।
नामांकन कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी के न्यायालय कक्ष में दाखिल होंगे। 16 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 18 को प्रत्याशियों को नाम वापसी का मौका दिया जाएगा। मतदान तीन मार्च को होगा। मतगणना छह मार्च को की जाएगी। नामांकन के लिए प्रत्याशी की न्यूनतम आयु 30 वर्ष होना जरूरी है।
सामान्य प्रत्याशियों को दस हजार व अनुसूचित जाति /जनजाति पांच हजार रुपये जमानत राशि जाति प्रमाण पत्र के साथ देनी होगी। इसके अलावा नामांकन के लिए दस प्रस्तावक भी जरूरी होंगे। सभी प्रत्याशियों को नामांकन पत्र के साथ विधान परिषद क्षेत्र की वोटर लिस्ट की सत्यापित प्रतिलिपि लगानी होगी।
मान्यता प्राप्त राजनैतिक दल के अभ्यर्थियों को फार्म ‘एए’ तथा ‘बीबी’ अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा। जिलाधिकारी /जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग यादव ने बताया कि सभी प्रत्याशियों को भारत निर्वाचन आयोग की आदर्श आचार संहिता के सभी बिंदुओं का अनुपालन करना होगा।
मालूम हो कि विधान परिषद के लिए समाजवादी पार्टी ने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। पार्टी ने रमा निरंजन को अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। जबकि, बसपा इस चुनाव से दूरी बनाए हुए है। भाजपा में अभी तय नहीं हो पाया है। भाजपा के बुंदेलखंड क्षेत्र के उपाध्यक्ष राजीव सिंह पारीछा पार्टी एक दो-दिन में अपनी स्थिति स्पष्ट कर देगी। प्रत्याशी को लेकर पार्टी में मंथन जारी है।
सपा प्रत्याशी का नामांकन कल
झांसी। समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी रमा निरंजन मंगलवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। वह पूर्वाह्न 11 बजे मुक्ताकाशी मंच से समर्थकों के साथ नामांकन के लिए प्रस्थान करेंगी। चुनाव की तैयारियों को लेकर रविवार को सपा की महानगर संगठन प्रभारी अजय सूद की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें युवा संगठनों को चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी गई।