झांसी। सदर बाजार के खिरकपट्टी में रहने वाली एक युवती अपने प्रेमी से शादी करने के लिए उसके घर पहुंच गई। बाद में प्रेमी ने परिजन व प्रेमिका के साथ एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर शादी कराने के लिए गुहार लगाई। सदर बाजार थाना क्षेत्र के खिरकपट्टी में रहने वाली एक युवती मुहल्ले में रहने वाले एक युवक से प्रेम करती है। परिजनों की सहमति न मिलने पर युवती बृहस्पतिवार की सुबह अपने प्रेमी के घर शादी करने के लिए पहुंच गई। प्रेमी के पिता स्टेशन पर काम कर रही एक कंपनी में सफाई कर्मचारी हैं। युवती के परिजनों ने उसे बहन के घर छोड़ रखा गया था, जहां से वह अपने प्रेमी के घर आ गई। दोनों शादी करने के लिए तैयार हैं, लेकिन उनमें युवती की 19 साल व युवक की 20 साल उम्र है। शादी में कोई अड़चन न आए इसलिए प्रेमी, परिजन व प्रेमिका को लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंच गए। यहां एसएसपी की अनुपस्थिति के कारण वे कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर चले आए। देर शाम तक कोई हल न निकलने पर युवती वापस अपने घर चली गई।
क्रेडिट कार्ड से निकाले 45 हजार रुपये
झांसी। एक युवक के क्रेडिट कार्ड नंबर की मदद से जालसाजों ने 45 हजार रुपये निकाल लिए। कोतवाली में दी तहरीर में छोटी मस्जिद के पास मुकरयाना निवासी रजीक मकरानी ने बताया कि एक दिसंबर की सुबह नौ बजे उनके मोबाइल पर बैंक खाते से 45 हजार रुपये निकलने का मेसेज आया। यह पढ़कर वह हतप्रभ रह गए। तुरंत बैंक शाखा में संपर्क किया तो पता चला कि उनके क्रेडिट कार्ड नंबर की मदद से जालसाजों ने उनके खाते से रुपये निकाल लिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
हत्या का मुकदमा दर्ज
झांसी। रक्सा थाना पुलिस ने वृद्ध की हत्या के मामले में दो युवकों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। रक्सा थाना इलाके के पलींदा गांव में दो दिसंबर को विजय राम राजपूत (85) का शव मिला था। उनके नाक एवं कान के पास खून के धब्बे मिले थे। पुत्र दीनानाथ राजपूत ने हत्या का आरोप लगाते हुए गांव के ही के बृजेंद्र राजपूत व सत्येंद्र राजपूत के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपी गांव से फरार हैं।
गोवंश के साथ क्रूरता करने पर पांच के खिलाफ रिपोर्ट
झांसी। रक्सा थाना पुलिस ने गोवंश को बाड़ा में बांधकर उनके साथ क्रूरता करने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। रक्सा थाने में दी तहरीर में बाबूलाल कारखाने के पीछे सिविल लाइन निवासी कौशल किशोर तिवारी ने बताया कि राजापुर के एक बाड़ा में 50 गोवंश को क्रूरता पूर्वक बांधकर रखा गया है, जिनके साथ संबंधित व्यक्ति क्रूर व्यवहार कर रहे हैं। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी व गाली गलौज की जा रही है। पुलिस ने वीर सिंह पुत्र संतू यादव, किंतू पुत्र इमरत यादव, अरविंद पुत्र वीरसिंह यादव, हरग्यान अहिरवार व बालकिशन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।