झांसी। मंडी रोड से लक्ष्मी गेट तक की अधूरी सड़क बनाने की बाधा अभी दूर नहीं हुई है। नगर निगम की तरफ से जल संस्थान को सात माह पूर्व लाखों रुपये का बजट दिया था। बावजूद, अब तक लाइन शिफ्टिंग का काम पूरा नहीं किया। अगर एक सप्ताह में लाइन शिफ्ट हो भी जाती है तो भी नगर निगम सड़क का निर्माण नहीं करा सकेगा। क्योंकि फिर बरसात का मौसम शुरू हो जाएगा। डीएम ने मामले की प्रगति रिपोर्ट के साथ स्पष्टीकरण मांगा है।
लक्ष्मी गेट से मंडी रोड की ओर जाने वाली सड़क निर्माण के एक साल होने वाले हैं। अब तक काम पूरा नहीं हुआ है। पहले कई महीनों तक पोल शिफ्टिंग का कार्य पूरा होने से अटका रहा तो वहीं अब पाइप लाइन शिफ्टिंग का काम पूरा न होने से सड़क अधूरी पड़ी है। इससे कई राहगीर चोटिल हो चुके हैं। चार लोगों की तो अब तक मौत हो चुकी है। इसके बाद भी जल संस्थान लापरवाही बरत रहा है।
इस मुद्दे को स्थानीय पार्षदों ने सदन की बैठक में भी उठाया था। तब उन्हें बताया गया कि जल संस्थान के अधिकारियों को नगर निगम लाखों रुपये बजट दे चुका है। उसके बाद भी अब तक कार्य पूरा नहीं हो सका। इस मामले को डीएम/ नगर आयुक्त शिवसहाय अवस्थी ने मामले को संज्ञान में लेकर मामले की प्रगति रिपोर्ट और अधिकारियों की लापरवाही को संज्ञान में लेकर स्पष्टीकरण मांगा है।
लीकेज तक ठीक नहीं हुआ
पार्षद प्रियंका साहू ने बताया कि किसान बाजार के सामने कई महीनों से लीकेज है। इसे सुधरवाने के लिए कई बार जल संस्थान के अधिकारियों से शिकायत कर चुकीं हैं पर अब तक लीकेज को नहीं सुधारा गया है। भीषण गर्मी में लीकेज के न सुधारने से क्षेत्र के कई इलाकों के रहने वालों को पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
बरसात बनेगी मुसीबत
अगर जल संस्थान के अधिकारी एक सप्ताह के भीतर भी कार्य पूरा कर देते हैं तब भी इस सड़क का निर्माण शुरू कर पाना मुमकिन नहीं है। क्योंकि, बरसात में डामरीकृत सड़क डाल पाना मुमकिन नहीं हो सकेगा। ऐसे में इस क्षेत्र के लोगों को बरसात रुकने तक इंतजार करना होगा।
वार्ता में जल संस्थान के अधिकारियों ने एक सप्ताह में कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया है। अगर, विभाग समय पर काम पूरा कर देगा तो तत्काल नगर निगम सड़क का निर्माण शुरू करा देगा। - एलएन सिंह, मुख्य अभियंता