फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लावारिस कुत्ते हो रहे खूंखार, मवेशियों को बना रहे शिकार

विज्ञापन
आईटीआई लहरगिर्द में कुत्तों के जमघट के बीच फंसे एक बच्चे को बचाता युवक। अमर उजाला
विज्ञापन
झांसी। महानगर में लावारिस कुत्ते खूंखार होते जा रहे हैं। लावारिस कुत्ते लोगों के साथ मवेशियों को अपना शिकार बना रहे हैं। कुत्तों का झुंड रात के वक्त अंधेरी सड़कों पर लोगों का पीछा कर हमला कर देता है। मवेशियों को भी नोंचकर मार देता है। ऐसे में पशुपालकों की भी दिक्कत बढ़ रही है। साथ ही लोगों में भी दहशत है। वहीं नगर निगम की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
विज्ञापन

महानगर में सर्द रातों में जल्द ही सड़कें सूनसान हो जाती हैं। इसके बाद लावारिस कुत्तों का राज लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन जाता है। आलम यह है कि खूंखार होते कुत्ते सड़क से गुजरने के दौरान लोगों का पीछा कर कई बार हमलावर हो जाते हैं। महानगर के लहरगिर्द और सिद्धेश्वर नगर क्षेत्र में लोगों की आफत बढ़ती जा रही है। लहरगिर्द में करीब 10 मवेशियों और उनके नवजात बच्चों को कुत्ते मारकर अपना शिकार बना चुके हैं। पशुपालकों का कहना है कि कुत्तों का झुंड रात के वक्त बाड़े में घुस जाता है और मवेशियों पर हमला कर देता है। हाल ही में क्षेत्र के एक पशुपालक के यहां मवेशी के नवजात को कुत्ते खींचकर ले गए थे। लोग बताते हैं कि कुत्ते कई मोहल्लों के बच्चों पर भी हमला कर चुके हैं। इसके चलते बच्चों को बाहर खेलने भेजना बंद कर दिया है। कुत्तों के आतंक के चलते लोगों में दहशत बढ़ रही है।
----------
इंजेक्शन लगवाने पहुंच रहे 70 लोग
लावारिस कुत्तों के काटने से रोज 70 लोग एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवाने के लिए जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। एक महीने में करीब दो हजार लोग कुत्तों के हमले का शिकार हो चुके हैं। इसके चलते अस्पताल को 15 दिन में इंजेक्शन मंगवाना पड़ता है। वहीं लगातार बढ़ रहे आतंक के बाद भी नगर निगम संजीदा नहीं है।
विज्ञापन

----------
हर साल खर्च होते हैं 30 लाख रुपये
नगर निगम हर साल कुत्तों के बधियाकरण और पशुओं को पकड़ने छोड़ने पर 30 लाख रुपये खर्च करता है। साल 2019-20 में ही पशुओं को पकड़ने और छोड़ने पर 14.43 लाख और कुत्तों के बधियाकरण पर 15.35 लाख रुपये खर्च किए गए। लेकिन महानगर में कुत्तों का बढ़ता आतंक बजट खर्च को लेकर सवाल खड़ा कर रहा है।
------------
कहते हैं लोग
चार दिन पहले मवेशी के बच्चे को कुत्ते खींचकर ले गए थे। कुत्तों का झुंड रात के वक्त क्षेत्र में बहुत आतंक मचाता है। इससे दहशत बढ़ रही है।- पुष्पेंद्र यादव, खोड़न
----------
एक सप्ताह पहले बाड़े में बंधे मवेशी पर कुत्तों ने हमला कर दिया था। जब तक पहुंचे, तब तक कुत्तों ने उसे मार डाला। क्षेत्र में आतंक बढ़ रहा है।- रिंकू यादव, लहरगिर्द
---------
लहरगिर्द में बनी नहर के पास कुत्तों का झुंड पूरे दिन बैठा रहता है। यहां से आए दिन लोगों को कुत्ते दौड़ा लेते हैं। इसके चलते परेशानी हो रही है।- सियाशरण यादव, खोड़न
---------
हमारे यहां 3.5 महीने का मवेशी था। बाड़े में बंधा हुआ था। कुत्ते रात के वक्त बाड़े में घुस गए और उसे घेरकर मार डाला।- अरुण कुमार, लहरगिर्द
----------
क्षेत्र में कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। हमारी गली में कुत्ते कई बार लोगों को शिकार बना चुके हैं। रात के वक्त तो कुत्ते खूंखार हो जाते हैं।- अरुणा आईटीआई
--------
कुत्ते ने काट लिया था, इंजेक्शन लगवाने के लिए आई हूं। घर से बाहर निकलने में डर लगने लगा है। खेलना भी बंद कर दिया है।- सोनिया राईन, आईटीआई
--------
कुत्ते ने पैर में काट लिया था। इंजेक्शन लग रहे हैं। लावारिस कुत्ते हर किसी पर हमला कर देते हैं। दिन में भी कुत्ते हमलावर हो जाते हैं। - हर्ष, ब्रह्मनगर
--------
कुत्तों का आतंक बढ़ने से दिक्कत बढ़ती जा रही है। घर पर सामान लेकर जा रही थी तभी कुत्तों ने घेरकर हमला कर दिया, हाथ में काट लिया।- काजल, लहरगिर्द
---------
कुत्तों को पकड़ने के लिए कोई नहीं आता। हमारे मोहल्ले में भी कुत्ते खूंखार हो जा रहे हैं। कई बार लोग हमले का शिकार हो चुके हैं।- केशव, शिवाजी नगर
-----------
वर्जन
कुत्तों का आतंक रोकने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। कोरोना काल के चलते कुत्तों का बधियाकरण नहीं हो सका है। बजट की उपलब्धता होते ही टेंडर कराकर बधियाकरण कराया जाएगा।- डॉ. आरके निरंजन, पशु चिकित्सा अधिकारी, नगर निगम
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें