अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। यूजी-पीजी के छात्रवृत्ति फार्म में सुधार का अंतिम दिन सोमवार को है। समाज कल्याण विभाग से सुधार के लिए सैकड़ों छात्रों की सूची बीयू कैंपस और संबद्ध कॉलेजों को भेज दी गई है। उनका डाटा कॉलेज प्रशासन की ओर से सत्यापन के दौरान भरा गया था लेकिन अब वह गायब हो गया है। इससे बीयू और कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। रविवार को अवकाश के बावजूद अधिकारी डाटा फीड करने में जुटे रहे।समाज कल्याण विभाग ने ऑनलाइन भरे गए आवेदन पत्रों का बायोमैट्रिक सत्यापन कर 15 जनवरी तक अग्रसारित करने के निर्देश दिए थे। तकनीकी खामियों के चलते पहले विभाग ने फार्म अग्रसारित न होने पर तारीख बढ़ाई मगर काम पूरा नहीं हुआ। इसके चलते, बायोमैट्रिक सत्यापन की अनिवार्यता खत्म कर दी गई। बीयू कैंपस और संबद्ध कॉलेजों के छात्रवृत्ति फार्म विभाग को भेज दिए गए। आधिकारिक सूत्र बताते हैं कि पांच दिन पहले विभाग ने बीयू कैंपस के करीब 2500, बिपिन बिहारी कॉलेज के 662, बीकेडी के करीब 1300 छात्र-छात्राओं समेत अन्य कॉलेजों के फार्म पर ‘एनरॉलमेंट नंबर, रोल नंबर, प्राप्तांक विवि के डाटा से नहीं मिल रहा है’ लिखकर वापस कर दिया।