ललितपुर। जिले में डेंगू व चिकिनगुनिया जैसी बीमारियों की रोकथाम को चलाए जा रहे जांच अभियान में नौ एडीज लार्वा पाए गए। जिन्हें टीम ने मौके पर ही लार्वा रोधी दवा का छिड़काव कर नष्ट किया। कूलर व कंटेनरों को खाली कर साफ कराया।
शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत शहर समेत छह ब्लॉक स्तर पर डेंगू व चिकिनगुनियां की रोकथाम के लिए अभियान चलाया गया। जिसमें जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार व सहायक मलेरिया अधिकारी केएस सिंह के निर्देशन पर कूलर व कंटेनरों में एडीज लार्वा की जांच की गई। इस दौरान जांच अभियान में मलेरिया निरीक्षण अजब सिंह, हरिश्चंद्र नामदेव, ज्ञानेंद्र गौतम ने शहर के मोहल्ला व ब्लॉक स्तर पर गांव में जांच गई। जिसमें शहर के मोहल्ला रैदासपुरा में कूलर व कंटेनर की जांच में तीन लार्वा मिले। वहीं, ग्रामीण ब्लॉक बिरधा में जांच के दौरान कूलर व कंटेनर में छह एडीज लार्वा पाए गए। टीम ने लार्वारोधी दवा का छिड़काव कर मौके पर ही नष्ट किया गया। टीम ने लोगों को संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए जागरुक किया। इसके अलावा मड़ावरा व बिरधा में लार्वा नहीं पाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रताप सिंह ने कार्यालयों में रखे कूलरों की नियमित सफाई करने के लिए प्रेरित किया।