अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। करारी में बनने वाले ट्रांसपोर्ट नगर के पहले फेज के लिए रुकी पड़ी जमीन खरीद प्रक्रिया फिर से शुरू होगी। कुछ किसानों द्वारा जमीन की बिक्री करने के लिए झांसी विकास प्राधिकरण से सहमति बन गई है। जल्द ही जेडीए इन किसानों से जमीन क्रय करके रजिस्ट्री कराएगा।
जेडीए द्वारा करारी, अंबावाय और रुंदकरारी में विकसित की जा रही नई झांसी के अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर बनाने की योजना तैयार की है। इसके लिए करारी में नगर निगम की 76 एकड़ जमीन चिह्नित की। इसके एवज में निगम को जेडीए ने करीब 28 करोड़ रुपये का भुगतान भी किया गया। अब जेडीए दो फेज में ट्रांसपोर्ट नगर बसा रहा है। करीब 15 एकड़ में पहला पार्ट बनाया जा रहा है। यहां 50 से अधिक दुकानें बननी हैं। करीब 25 गोदाम के लिए भी भूखंडों का आवंटन किया जाएगा। जेडीए द्वारा पहले फेज की जमीन की खरीद भी शुरू कर दी गई थी। इसी बीच, कई लोग रजिस्ट्री लेकर जेडीए कार्यालय पहुंच गए थे। उन्होंने एक काश्तकार पर पहले ही जमीन की रजिस्ट्री करने का आरोप लगाया था। इसके बाद जमीन खरीद प्रक्रिया रुक गई थी। मगर अब कई किसानों से जेडीए की बातचीत हुई है। इनमें से कुछ किसान जमीन की बिक्री करने को राजी हो गए हैं। अब जेडीए जल्द ही इन किसानों से जमीन खरीदेगा।
20 सालों से चल रही विकसित करने की कवायद
मौजूदा समय में महानगर में ट्रांसपोर्ट नगर नहीं है। ऐसे में शहर वासियों को हर समय जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। पिछले 20 वर्षों से झांसी में ट्रांसपोर्ट नगर बनाने के लिए कवायद जारी थी। अधिकारियों द्वारा सर्वे करने पर ट्रांसपोर्ट नगर के लिए पर्याप्त जमीन नहीं मिल पाती थी। ऐसे में ट्रांसपोर्ट नगर बसाने का सपना पूरी नहीं हो पा रहा था।
वर्जन..
ट्रांसपोर्ट नगर के पहले फेज में कुछ और किसान अपनी जमीन देने के लिए सहमत हो गए हैं। जल्द ही उनकी रजिस्ट्री करवाई जाएगी। ट्रांसपोर्ट नगर विकसित करने का काम तेजी से चल रहा है। - आलोक यादव, उपाध्यक्ष, जेडीए।