झांसी। भू-माफियाओं ने फर्जी आधार कार्ड बनवाकर 27 जून को लाखों रुपये की जमीन बेच डाली। यही नहीं, तीन जुलाई को दबंगों के साथ जमीन पर कब्जा करने पहुंच गए। जब जमीन स्वामिनी ने विरोध किया तो उसे जमीन न छोड़ने पर जान से मारने की धमकी दे गए। बृहस्पतिवार को पीड़िता के पुत्र ने डीआईजी से शिकायत करते हुए रजिस्ट्री निरस्त कराने की मांग की है। बरुआसागर थानांतर्गत इंदीवर नगर निवासी अवधेश राय ने बताया कि उसके पिता अशोक कुमार राय के नाम 3.4490 हेक्टेयर जमीन गांव नोहटक्षीर में है। पिता की मृत्यु के बाद मां राजपत्री राय जमीन की मालकिन हो गईं। इस जमीन पर वह खेतीबाड़ी करते आ रहे हैं। उसने बताया कि 27 जून को भू-माफियाओं ने उनकी जमीन बेच डाली। तीन जुलाई को आरोपी दबंगों के साथ खेत पर पहुंचे, तब पता चला कि उनकी जमीन बेच दी गई है। तहसील में जाकर पता किया तो जानकारी मिली कि उनकी मां के नाम से किसी अन्य महिला का आधार कार्ड बनाकर जमीन बेची गई है। ब्यूरो