झांसी। लेखक मुंशी प्रेमचंद के प्रसिद्ध नाटक में से एक ‘लांछन’ की तैयारी में रंगमंच कलाकार जुटे हुए हैं, जिसकी प्रस्तुति 22 जुलाई को बीकेडी के आडिटोरियम में दी जाएगी।
निर्देशक पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि रंगमंच कलाकारों को बढ़ावा देने के लिए वह समय-समय पर मंचन करते हैं। इस बार वह दर्शकों के लिए एक नाटक प्रस्तुत करने वाले हैं, जो एक परिवार पर आधारित है। नाटक में मुख्य पात्र श्याम किशोर के यहां नौकर मुन्नू साफ-सफाई का काम करता है। इसी बीच उसकी पत्नी की मुन्नू से बातचीत शुरू कर देती है, जो कि श्याम को पसंद नहीं है क्योंकि उसे भ्रम रहता है कि मुन्नू शोहदा है। इसी चक्कर में वह मुन्नू को काम से निकाल देता है।
इधर, श्याम अपना घर बदल देता है। बावजूद, मुन्नू उसके घर आता-जाता है, जिसकी जानकारी श्याम को एक दिन हो जाती है। इस पर दंपति में झगड़ा शुरू हो जाता है। कुछ देर बाद उन्हें बेटी से पता चलता है कि मुन्नू उनके घर भेंट लेकर आया था। इस पर वह आग बबूला हो जाता है और पत्नी पर लांछन लगाता है। मामला मारपीट तक आ जाता है। इस नाटक में कई कलाकार अपने-अपने अभिनय का प्रदर्शन करेंगे।