लंपी वायरस का खतरा अब मंडल के तीनों जनपदों पर भी मंडराने लगा है, जिसके चलते शासन ने मंडल को संवेदनशील घोषित कर दिया है। इस पर कमिश्नर ने दूसरे राज्यों से जुड़ीं जनपदों की सीमाओं पर विशेष चौकसी बरतने के निर्देश जारी किए हैं। इसके अलावा गो आश्रय स्थलों की निगरानी की जाएगी।
झांसी मंडल मध्य प्रदेश की सीमाओं से सटा हुआ है। जबकि, मध्य प्रदेश में लंपी वायरस का संक्रमण पशुुओं पर हमलावर रुख अपनाए हुए है। इसे लेकर शासन ने झांसी मंडल को संवेदनशील क्षेत्रों की श्रेणी में डाल दिया है। इसके साथ ही पशुओं को इस बीमारी से बचाने के उपाय भी शुरू कर दिए गए हैं।
मंडलायुक्त संजय गोयल ने तीनों जिले के डीएम व एसएसपी को चेक पोस्टों पर 24 घंटे कड़ी निगरानी के निर्देश दिए हैं। निर्देशित किया गया है कि किसी भी दशा में पशुओं का आवागमन न होने पाए। इसके अलावा गो आश्रय स्थल में किसी भी पशु में इस बीमारी के लक्षण पाए जाने पर उसे आइसोलेट कर दिया जाए। इसके अलावा बचाव संबंधी अन्य दिशा निर्देश भी जारी किए।