घटना के बाद घर में बिखरा पड़ा सामान।
झांसी। थाना सीपरी बाजार क्षेत्र में नमकीन कारोबारी के घर में घुसे चोर लाखों रुपये का माल लेकर भाग निकले। घटना के समय कारोबारी काम के सिलसिले में दिल्ली गए थे। सुबह घर पहुंचे तो ताले टूटे देखकर घबरा गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। कमरे की अलमारी में रखे जेवरात व रुपये भी गायब मिले।
थाना सीपरी बाजार क्षेत्र स्थित अयोध्यापुरी कॉलोनी निवासी अशोक रावत नमकीन कारोबारी हैं। दो दिन पहले वह दिल्ली गए थे। पत्नी को थाना कोतवाली स्थित गोलाकुआं के पास छोड़कर चले गए थे। घर पर ताला लगा हुआ था। मंगलवार की रात मौका पाकर चोर ताला तोड़कर में प्रवेश कर गए। कमरे के अंदर अलमारी का भी ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात व नगदी लेकर भाग निकले। बुधवार सुबह दिल्ली से वापस लौटे अशोक ताले टूट देख घबरा गए। सूचना मिलते ही एसपी सिटी श्रीप्रकाश द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक संजय गुप्ता मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। देर रात पुलिस मामले की छानबीन में जुटी रही। पुलिस ने कॉलोनी में मकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले हैं।