संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। अहिरवरन सिंह यादव (माते) की स्मृति में पाल कॉलोनी से खोड़न तक बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता हुई। इसमें 25 बैलगाड़ियों ने प्रतिभाग किया। लहार के संजय राजपूत की बैलगाड़ी ने सबसे तेज दौड़ लगाते हुए पहला स्थान हासिल किया। सदर विधायक के पुत्र परन शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
दौड़ में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान के 25 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान पॉल कॉलोनी से खोड़न ओवरब्रिज तक बैलगाड़ी दौड़ीं। हाईवे पर बैलगाड़ियों को दौड़ता देख लोग हैरत में पड़ गए। चालकों ने भी अपनी बैलगाड़ी को आगे निकालने के लिए खूब जोर आजमाइश की। प्रतियोगिता में लहार के संजय राजपूत ने पहला, रक्सा के कथूले राजपूत ने दूसरा और रक्सा के संदीप पाल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। विजयी प्रतिभागियों को पहले पुरस्कार में बाइक, दूसरा पुरस्कार एलईडी और तीसरा पुरस्कार रेफ्रिजरेटर प्रदान किया गया। इस मौके पर बालजी पहलवान, मेहरबान मास्टर, अनंत पाल राना, दीपक यादव, पप्पू, मुकेश मौजूद रहे।