झांसी। मुंबई से बहराइच जा रही श्रमिक स्पेशल ट्रेन में अयोध्या निवासी युवा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। चलती ट्रेन में ही उसकी मौत हो गई। झांसी रेलवे स्टेशन पर मौत की पुष्टि के बाद जीआरपी ने शव को कब्जे में लिया।
मुंबई के छत्रपति शिवाजी टर्मिनल से स्पेशल ट्रेन बहराइच के लिए रवाना हुई। इसमें मूलरूप से अयोध्या निवासी श्रमिक इबरार अहमद (35) अपने चचेरे भाई रहमत अली के साथ सवार हुआ। शाम को ट्रेन के बीना के पास पहुंची ही थी कि इबरार की तबीयत एकदम खराब हो गई। देखते-देखते वह अचेत हो गया। इसकी सूचना आगे कंट्रोल को दी गई। ट्रेन के झांसी स्टेशन पहुंचते ही रेलवे स्वास्थ्य विभाग की टीम और जीआरपी संबंधित कोच में पहुंचे। यहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद जीआरपी ने शव को कब्जे में ले लिया। साथ यात्रा कर रहे भाई रहमत ने बताया कि जब मुंबई से ट्रेन चली तब उसका भाई पूरी तरह स्वस्थ था। तबीयत अचानक बिगड़ गई। वे लॉकडाउन के कारण अपने घर अयोध्या जा रहे थे।