कुुंदे से लटका मिला नवविवाहिता का शव
गरौठा/झांसी। थाना कोतवाल क्षेत्र के बिरौना गांव में शनिवार की रात नव विवाहिता का शव घर में ही कुंदे से लटका मिला। मामले में मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर पर पति, ससुर व सास के खिलाफ दहेज अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना टहरौली के बसारी गांव निवासी हीरालाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने अपनी बेटी राजकुमारी की शादी साल 2018 में बिरौना निवासी अवधेश कोरी के साथ की थी। बताया कि उसने अपनी सामर्थ के अनुसार शादी में दहेज भी दिया था। आरोप है कि फिर भी शादी के बाद से ही सास संध्या देवी, ससुर भानू प्रताप एवं पति द्वारा दहेज के तौर पर दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर ससुराल वाले राजकुमारी के साथ मारपीट भी करते थे। जिसकी जानकारी बेटी ने कई बार उन्हें दी। मैंने भी ससुराल वालों को भी कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। पिता का आरोप है कि शनिवार की रात को ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी की हत्या कर शव को कुंदे से लटका दिया। पुलिस ने पिता की तहरीर पर सास, ससुर एवं पति के खिलाफ दहेज अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है। इससे पहले पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मऊरानीपुर भेज दिया।