जांच के पहले ही ढह गया केके पुरी नाला की खबर में ...... आवास विकास स्थित केके पुरी का नाला जांच के पहले ?
झांसी। दो साल पहले बनाया गया आवास विकास स्थित केके पुरी का नाला जांच के पहले ही ढहना शुरू हो गया है। बरसात में कई फुट दीवार व तलहटी भी क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे वहां बिन बरसात जलभराव शुरू हो गया है।
नगर निगम ने 2017 में नाले का निर्माण शुरू किया था। नाला शक्ति आश्रम से लेकर खोड़न तक बनाया गया था। पहली बारिश में ही नाले की गड़बड़ी साम ने आ गई। लोगों के घरों में पानी भर गया। लोगों ने इसके लिए नाले की ढाल को जिम्मेदार बताया। लगातार हो रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने नाले की टीएसी जांच के आदेश दिए। अभी यह जांच हो पाती कि नाले की दीवार ढह गई। इससे बिन बरसात के ही वहां पर जलभराव होना शुरू हो गया है। हालांकि, अभी तक किसी ने इसकी सुध नहीं ली है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि नाले का वह हिस्सा ढह गया है जहां से नाले की बनावट शुरू हुई थी।
खराब गुणवत्ता का नतीजा
नाले की गुणवत्ता को लेकर क्षेत्रवासियों ने बताया कि इस संबंध में वह लोग डीएम, कमिश्नर, नगर आयुक्त से ही नहीं बल्कि मुख्यमंत्री के शिकायती पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करा चुके हैं। बावजूद, इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। मायाराम का आरोप है कि कमीशनबाजी के चक्कर में नाले के निर्माण से समझौता हुआ है, जिसका नतीजा आज सामने आ रहा है।
चंदे का भी धन लग चुका नाले में
इस नाले की यह दीवार ही नहीं बल्कि अन्य स्थानों पर भी पूर्व में दीवार ढह चुकी है, जिसे लोगों ने चंदा कर ठीक कराया था, ताकि बरसात के समय वहां पर जलभराव न हो सके। बावजूद नगर निगम ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।