केके पुरी नाले की होगी जांच, फिर होगा निर्माण
झांसी। केके पुरी नाले की दीवार ढहने के मामले में नगर आयुक्त ने नाले की गुणवत्ता की जांच कराने के साथ ही उसका सीसी निर्माण कराने का आदेश दिया है।
आवास विकास के लोगों की सहूलियत के लिए बनाए गए नाले की दो साल में ही कई फुट दीवार ढह गई है। इस मामले को नगर आयुक्त मनोज सिंह ने गंभीरता से लिया है। चीफ इंजीनियर एलएन सिंह ने बताया कि यह दूसरा नाला है जिसकी दीवार ढही है। इस पर नगर आयुक्त ने कहा कि नाला कोई भी हो, दीवार अगर ढही है तो उसका निर्माण होना चाहिए। उन्होंने नाले की गुणवत्ता की जांच कराने के साथ ही दोबारा निर्माण कराने का आदेश दिया है। साथ ही, हाल में होने वाले कार्य में किसी प्रकार का समझौता न करने की भी चेतावनी दी।
बता दें कि नाले के निर्माण में बरती गई लापरवाही के कारण क्षेत्र में जलभराव हो रहा है। लोगों को डर है कि यदि इस बीच भारी बारिश हो जाती है तो नाले का पानी उनके घरों में प्रवेश कर जाएगा। पिछले साल उनके घर की निचली मंजिल में कई फुट पानी भर गया था जिससे काफी नुकसान हुआ था।
दस्तावेज मांगे, अधिकारी तलब
केके पुरी नाले को लेकर टीएसी जांच के आदेश और जांच अधिकारी द्वारा दस्तावेज मुहैया कराने के साथ ही मौके पर पहुंचकर सहयोग देने के मामले पर नगर आयुक्त ने इंजीनियरों को तलब किया और उससे संबंधित समस्त दस्तावेज मांगे हैं। उन्होंने बताया कि नाले की समस्या को लेकर वह अपने स्तर से भी जांच कर रहे हैं। यदि, लापरवाही का मामला सामने आएगा तो कार्रवाई होगी।