झांसी के पिछोर स्थित बेसिक प्राइमरी कन्या स्कूल में निरीक्षण के समय जानकारी देते आप विधायक प्रक?
झांसी। आम आदमी पार्टी के विधायक प्रकाश जरवाल सोमवार को बेतवा भवन में आंदोलन कर रहे किसानों से मिलने पहुंच गए, लेकिन उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। बेतवा भवन के दरवाजे बंद कर दिए गए। इसे लेकर विधायक की पुलिस से तीखी नोकझोंक भी हुई।
दिल्ली की देवली विधानसभा से विधायक प्रकाश जरवाल सुबह झांसी पहुंचे। यहां सर्किट हाउस निकलकर वे पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने उनके घर पहुंचे। इसके बाद दोपहर साढ़े बारह बजे उनका काफिला अचानक बेतवा भवन पहुंच गया। विधायक यहां आंदोलन कर रहे किसानों के पास जाना चाहते थे। लेकिन, इससे पहले ही वहां पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने बेतवा भवन के मुख्य द्वार को बंद कर दिया, जिससे विधायक अंदर दाखिल नहीं हो पाए। इसे लेकर उनकी पुलिस से तकरीबन आधे घंटे तक नोकझोंक चलती रही। विधायक ने किसानों से बाहर मुलाकात करने की बात कही, लेकिन पुलिस राजी नहीं हुई। बाद में विधायक किसानों से बगैर मिले ही वापस लौट गए।
यूपी सरकार की चुनौती पर यहां आए आप विधायक
झांसी। अपने दौरे के दौरान आप विधायक प्रकाश जरवाल ने कहा कि दिल्ली एवं उप्र के सरकारी विद्यालयों की तुलना होने पर यूपी सरकार ने यहां के विद्यालयों को देखने की चुनौती दी थी। यूपी सरकार की चुनौती को देखते हुए पार्टी ने पूरे प्रदेश में सरकारी विद्यालयों की दशा देखने का निर्णय लिया है। इसी के चलते वह यहां आए हैं। मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक ने कहा चुनौती देने के बाद अब योगी सरकार स्कूल देखने नहीं दे रही। आप विधायक जहां भी जा रहे, उनको पुलिस वहां जाने नहीं दे रही। उन्होंने पुलिस के व्यवहार की निंदा करते हुए सरकार के रवैये को आपातकालीन सरीखा बताया।