झांसी। किले की तलहटी स्थित क्राफ्ट मेला ग्राउंड में ‘अमर उजाला शॉपिंग फेस्टिवल’ में लोगों की जमकर भीड़ उमड़ रही है। बृहस्पतिवार को बच्चों ने वाटर वोटिंग का जमकर लुत्फ उठाया और पानी की लहरों से अठखेलियां खेलीं। इसके अलावा आसमानी लालटेन झूले में बैठकर धड़कते दिल के साथ हवा से बातें कीं। वहीं, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) नगेंद्र शर्मा ने फेस्टिवल में बृहस्पतिवार की आकर्षक शाम का शुभारंभ किया। इसके बाद संपूर्ण फेस्टिवल का भ्रमण कर उसका आनंद उठाया।
फेस्टिवल में सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए मनोरंजन के साधन हैं। शाम होते ही लोग परिवार सहित ‘अमर उजाला शॉपिंग फेस्टिवल’ का लुत्फ लेने को उमड़ पडे़। बच्चों ने आसमानी लालटेन झूला, ड्रेगन झूला, ब्रेक डांस झूला और मोटू पतलू झूला पर बैठकर उसका मजा उठाया। इसके साथ ही एयर इंडियन झूला पर भी बैठकर हवा से बातें की। गर्मियों में बच्चे पानी का आनंद लें, इसके लिए कृत्रिम लघु तालाब बनाया गया, जिसमें बच्चों ने वाटर वोटिंग की और पानी से अठखेलियां खेलीं।
झूला वालों के अनुसार बच्चों के लिए यह काफी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। 30 से 50 रुपये के बीच में टिकट लिया जा रहा है। वहीं महिलाओं ने ग्राउंड में लगे स्टालों पर घर के लिए उपयोगी वस्तुओं चादरें, खट्टे मीठे आचार खरीदे और देशी विदेशी व्यंजनों का स्वाद चखा। इनमें चूरमा का लड्डू और मसाला डोसा काफी पसंद रहा। इसके अलावा गिफ्ट स्टालों पर भी लड़कियों व महिलाओं की खासी भीड़ रही है। फेस्टिवल में शाम को हुए कार्यक्रम अवसर पर संजीव साहू, अंकित अग्रवाल, आशीष उपाध्याय, अखिलेश चंद्र गुप्ता, अमित गुप्ता, गणेश राम, रजनीश मलिक, समीर श्रीवास्तव, राजेंद्र गौड़, आशीष तिवारी, विवेक पाठक, सईद मंसूरी, अखिलेश प्रताप सिंह, अंकित, रुद्र प्रताप, सुशील माहेश्वरी, अतुल आदि मौजूद रहे।