नगर निगम में उड़ीसा में हुए पीएम के कार्यक्रम का हुआ प्रसारण
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उड़ीसा में हुए कार्यक्रम का मंगलवार को नगर निगम में लाइव प्रसारण हुआ। कार्यक्रम के दौरान पांच लोगों को प्रधानमंत्री आवास की चाबी सौंपी गई। जबकि, 23 लोगों का गृह प्रवेश कराया गया।
कार्यक्रम में मेयर बिहारी लाल आर्य ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थियों को तीन किस्तों में 2.50 लाख रुपये दिए जाते हैं। झांसी में अब तक 26857 आवासों को स्वीकृति दी जा चुकी है। इसमें 26006 आवास पूर्ण हो चुके हैं। पिछले छह महीने में जिले में 1920 आवास बनाए गए। इसमें नगर निगम में 631 और नगर पालिका परिषद/पंचायत में 1289 आवास निर्मित किए गए हैं।
मेयर ने खिरकपट्टी भट्टागांव निवासी रामकुमार और मिथुन, पंचवटी निवासी विनोद साहू, राजगढ़ के पुष्पा और गणेश नगर हंसारी की मंजू कुशवाहा को आवास की चाबी दी गई। इसके बाद खिरकपट्टी में सुमन, सिंगर्रा में लखन पाल को गृह प्रवेश कराया गया। नगर पंचायत बड़ागांव में छह, एरच, मोंठ, टोड़ीफतेहपुर और कटेरा में दो-दो, नगर पालिका बरुआसागर में तीन, गुरसराय, समथर और मऊरानीपुर में दो-दो लोगों का गृह प्रवेश कराया गया। कार्यक्रम में एमएलसी बाबूलाल तिवारी, नगर आयुक्त सत्य प्रकाश, अपर नगर आयुक्त रोली गुप्ता, पार्षद महेश गौतम, सिद्धार्थ अहिरवार, हरिओम मिश्रा, प्रदीप खटीक, कामेश अहिरवार, आशीष तिवारी, बालस्वरूप साहू आदि रहे।