टोड़ी फतेहपुर। सावन माह के पहले सोमवार को नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही भगवान भोलेनाथ के मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। कांवड़ यात्रियों ने ओरछा धाम के कंचना घाट से लाए गए पवित्र जल से भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक कर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। नगर के बड़ागंज मोहल्ले से 18 कांवड़ियों का पहला जत्था कुलदीप साहू की अगुवाई में और 20 कांवड़ियों का दूसरा जत्था आशाराम कुशवाहा के नेतृत्व में रविवार रात्रि ओरछा धाम से पवित्र जल लेकर लौटा। सभी कांवड़ियों ने बड़ागंज स्थित अलगोजन महादेव मंदिर में महंत पुष्पेंद्र दास पांडेय के सानिध्य में सोमवार सुबह भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इसके बाद गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के साथ सभी श्रद्धालु सरयू सागर लठवारा तालाब स्थित भगवान शिव मंदिर पहुंचे, यहां श्रद्धापूर्वक जलाभिषेक किया। संवाद