झांसी। करारी स्थित कांशीराम आवासीय कॉलोनी में बिल संशोधन किए बिना ही बकाये पर काटे जा रहे कनेक्शनों के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ता पूर्व मंत्री प्रदीप जैन के नेतृत्व में उपखंड अधिकारी के खिलाफ मुकदमा लिखाने के लिए नवाबाद थाने पहुंच गए। इस बात का पता लगने पर बिजली अधिकारी व सिटी मजिस्ट्रेट पहुंच गए। बाद में तय हुआ कि बिल संशोधन के बाद ही अब कनेक्शन काटे जाएंगे। जो कनेक्शन कट गए हैं उनको भी जोड़ दिया जाएगा।
कांशीराम आवासीय कॉलोनी में 860 बिजली कनेक्शन हैं। इनमें हर महीने सौ के करीब ही बिल जमा करते हैं। मई मेें 88 उपभोक्ताओं ने बिल जमा किए थे। बाकी में अधिकांश दस हजार रुपये से ऊपर के बकायेदार हैं। इन दिनों बिजली विभाग क्लीन अप अभियान चला रहा है। अभी तक अभियान के तहत कांशीराम कॉलोनी में 90 कनेक्शन काटे जा चुके हैं। इनमें कई के मीटर भी उखाड़ लिए गए। कनेक्शन कटने से लोग परेशान हो रहे हैं।
मंगलवार को कॉलोनी के लोगों ने अपनी पीड़ा इलाइट चौराहे पर बिजली दरों में प्रस्तावित 25 प्रतिशत वृद्धि के विरोध में धरने पर बैठे कांग्रेस नेताओं को बताई। उन्होंने बताया कि उनके हजारों में बिल आ रहे हैं और उपखंड अधिकारी उनको संशोधित करने को तैयार नहीं है। गर्मी से उनका बुरा हाल हो रहा है।
इस पर कांग्रेस नेता पूर्व मंत्री प्रदीप जैन के नेतृत्व में उपखंड अधिकारी के खिलाफ मुकदमा लिखाने के लिए नवाबाद थाने पहुंच गए। इस बात का पता लगने पर सिटी मजिस्ट्रेट रामप्रकाश, प्रभारी अधीक्षण अभियंता गौरव कुमार, उपखंड अधिकारी धर्मवीर सिंह मौके पर पहुंच गए। इस पर अधीक्षण अभियंता ने आश्वासन दिया कि बिल संशोधन के बाद ही अब कनेक्शन काटे जाएंगे। 25 जून तक बिलों में संशोधन हो जाएगा। जो कनेक्शन कट गए हैं उनको भी जोड़ दिया जाएगा।
इधर, धरने में कांग्रेस नेताओं ने प्रस्तावित बिजली दरों में वृद्धि के लिए राज्य सरकार को कोसा। अध्यक्षता शहर अध्यक्ष इम्तियाज हुसैन ने की। इस मौके पर मजहर अली, सीडी लिटौरिया, रामकुमार शुक्ला, राजेंद्र सिंह यादव, आरिफ सलीम, देवी सिंह कुशवाहा, शंभू सेन, मनीराम कुशवाहा, रवि दुबे, पूजा कौर, हरवंश लाल, अमीर चंद्र आर्य, आबिदा खान, दिलीप शाक्या, गीता, कमल जैन मौजूद रहे।