फूटा चौपड़ा स्थित हरे कृष्ण मंदिर इस्कॉन में रविवार को श्रीकृष्ण
जन्माष्टमी एवं श्रील प्रभु पाद जन्म महोत्सव का शुभारंभ नगर में हरिनाम
संकीर्तन शोभा यात्रा के साथ हुआ। यात्रा में देशी भक्तों के साथ विदेशी
भक्त भी झूमते नजर आए।
इस्कॉन मंदिर से निकली शोभायात्रा में विभिन्न
देशों से आए भक्तों के साथ नगर वासियों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। इस
दौरान भक्त मृदंग, करताल, मंजीरा, झींका की धुन पर नृत्य कर रहे थे।
शोभायात्रा में इस्कॉन के संस्थापक श्रील प्रभुपाद की दिव्य प्रतिमा, श्री
राधा कृष्ण के स्वरूपों की झांकी एवं रथ पर विराजमान भगवान श्री गौर निताई
मुख्य आकर्षण रहे। मिनर्वा चौराहा, रानी महल, सुभाष गंज, गांधी मार्ग, बड़ा
बाजार, बिसाती बाजार, गंधीगर का टपरा, सर्राफा बाजार, मानिक चौराहा से
होती हुई शोभायात्रा मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम के रूप में परिवर्तित हो
गई। इस दौरान कई मुख्य मार्गों पर व्यापारियों ने पुष्प वर्षा कर
शोभायात्रा का स्वागत किया।
रात्रि में श्री किशोरी रास मंडल बरसाना के
कलाकारों ने रासलीला की प्रस्तुति दी। वहीं इससे पूर्व अपराह्न वृंदावन के
वरिष्ठ सन्यासी गौर कृष्ण दास गोस्वामी महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा प्रवचन
में कहा कि ईश्वर की आराधना से मानव जीवन सार्थक रहता है। इस अवसर पर
मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र राय, करुणा सिंधु दास, गंगाराम
शिवहरे, अजय अग्रवाल, महेश चंद्र सर्राफ, दीपक गुप्ता, विजय अग्रवाल, संत
लाल अग्रवाल, महामुनि प्रभु, अभय चरणा दास बिंदु, अशोक सेठ, मनीष रावत,
पीयूष रावत आदि मौजूद रहे। संचालन मुकेश सिंघल ने किया, जबकि आभार मंदिर
अध्यक्ष बृज भूमि दास प्रभु ने जताया।