झांसी। दतिया गेट से फिल्टर रोड पर स्थित गुलाम गौस खां पार्क की जमीन पर कई लोगों ने कब्जा कर लिया है। दो दिन पहले की गई मुनादी के बाद भी इन लोगों ने कब्जों को नहीं हटाया। मंगलवार को कब्जे हटाने के लिए पहुंची नगर निगम की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। एक महिला ने तो मिट्टी का तेल डाल लिया। वहीं एक युवक टीम पर गुम्मा लेकर दौड़ा। किसी तरह उनको काबू में कर टीम ने वहां अतिक्रमण कर बनाई गई बाउंड्रीवाल और चबूतरे तोड़े। आठ अन्य मकानों को तोड़ने के लिए तीन दिन की मोहलत दी गई। चेतावनी दी गई कि कब्जाधारक जगह खाली कर दें, अन्यथा मकान तोड़ दिए जाएंगे।
दतिया गेट फिल्टर रोड पर मौजा झांसी खास की आराजी नंबर 2115 से लेकर 2126 तक 1.639 हेक्टेयर जमीन पर गुलाम गौस खां पार्क स्वीकृत है। इस पार्क की जमीन पर लोगों ने अवैध कब्जे कर लिए हैं। नगर निगम ने दो दिन पहले मुनादी कराई थी कि पार्क की जमीन को खाली कर दें, अन्यथा कब्जे तोड़ दिए जाएंगे। लेकिन, मुनादी कराने का फर्क नहीं पड़ा। मंगलवार को नगर निगम से अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्ता, अतिक्रमण हटाओ प्रभारी डॉ. पुष्पराज गौतम, पूर्व एडीएम आरसी श्रीवास्तव समेत पूरी टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण तोड़ना शुरू किया।
नगर निगम की जमीन पर बने मकानों की बाउंड्रीवाल व चबूतरे तोड़ने का काम शुरू हुआ तो कुछ लोग विरोध करने लगे। एक युवक ईंटा लेकर टीम को मारने दौड़ा। यह देख अफसरों ने खुद को बचाया। जैसे-तैसे उसको पकड़ कर शांत कराया गया तो एक महिला ने मिट्टी तेल अपने ऊपर डाल लिया। किसी तरह महिला को समझा- बुझा कर शांत कराया गया। इस दौरान चार मकानों के आगे से बाउंड्रीवाल और बड़े- बड़े चबूतरे तोड़ दिए गए। अपर नगर आयुक्त ने बताया कि अभी सात- आठ मकान अतिक्रमण के दायरे में आ रहे हैं। सभी को मकान खाली करने के लिए तीन दिन की मोहलत दी गई है। यदि तीन दिन में मकान खाली नहीं करेंगे तो तोड़ दिया जाएगा।
प्लाट के साथ नगर निगम की जमीन कब्जाई
लहरगिर्द में नगर निगम की जमीन पर किया गया अवैध कब्जा हटा दिया गया। अपर नगर आयुक्त को शिकायत मिली थी कि कमलेश शिवहरे ने आराजी नंबर 540 में प्लाट खरीदा था, जबकि उसने अपने प्लाट के साथ - साथ आराजी नंबर 550 में भी निर्माण कर लिया। शिकायत पर टीम मौके पर गई और अवैध कब्जा हटा दिया। इसी तरह लहरगिर्द में एक पुजारी ने नगर निगम की जमीन पर टिनशेड डाल लिया था। उसे भी हटा दिया गया। नाले की जमीन पर बन रही दीवार गिरा दी गई तथा पैमाइश कराने का निर्णय लिया गया।
एक शराबी को भेजा थाने
झांसी। लहरगिर्द में अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम की टीम के सामने एक व्यक्ति शराब पीकर हंगामा करने लगा तथा काम रोकने की जिद पर अड़ गया। बहुत देर तक उसे समझाया गया, लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ा। बाद में थाना सीपरी बाजार से पुलिस को बुलवाया गया और शराबी को सुपुर्द कर दिया गया।