जेल की चारदीवारी के भीतर से कुख्यात कैदियों द्वारा मोबाइल के जरिये बाहर फैलाए गए नेटवर्क को जाम करने की तैयारी हो गई है। जिला कारागार में अगले महीने 5जी जैमर लगा दिया जाएगा। शासन से इसकी मंजूरी मिल गई है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में जेल से रंगदारी मांगने पर दो कैदियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है।
जिले जेल में जैमर न होने की वजह से कैदियों के लिए मोबाइल का प्रयोग बेहद आसान है। पिछले सप्ताह केशवपुर की ग्राम प्रधान सुशीला मिश्रा के पुत्र देवरत्न मिश्रा से जेल से मोबाइल के जरिये पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इस मामले में दो कैदियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। जेल में कैदियों के मोबाइल के उपयोग के मामले पहले भी मामले सामने आ चुके हैं। कैदियों के इस नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अब जैमर लगाया जा रहा है। यहां 5जी क्षमता का जैमर लगाया जा रहा है। जबकि, प्रदेश की अधिकांश जेलों में अभी टू जी और थ्री जी स्तर के ही जैमर लगे हुए हैं, जो फोर जी नेटवर्क को जाम नहीं कर पाते। शासन ने इसको मंजूरी दे दी है। जून में जेल में जैमर फिट कर दिया जाएगा।
‘जेल की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शासन को जैमर लगवाने के लिए पत्र लिखा गया था। अब इसकी मंजूरी मिल गई है। जून में जैमर लग जाएगा।’
- अवधेश कुमार मिश्रा जेल अधीक्षक जिला जेल