झांसी। जिला योजना समिति की बैठक में महानगर में डाली जा रही पाइप लाइन से बिगड़ रही सड़कें और नहर संचालन नहीं होने के कारण सिंचाई विभाग की शिकायतें अधिक आने पर प्रभारी मंत्री ने सिंचाई विभाग के अफसरों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़कें बनवाने के लिए जनप्रतिनिधियों का सुझाव लें। बैठक में बबीना और सदर बाजार कैंट बोर्ड के अधिकारी पहली बार शामिल हुए।
रविवार को विकास भवन में जिला योजना की बैठक में प्रभारी मंत्री/ आबकारी एवं मद्य निषेध विभाग मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री ने निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों से संवाद बनाए रखें। विधायक राजीव सिंह पारीछा ने सिंचाई विभाग द्वारा नहर संचालन नहीं करने की शिकायत की। विधायक रवि शर्मा ने कहा कि कोतवाली के पास स्थित रानी लक्ष्मीबाई प्राथमिक पाठशाला की बिल्डिंग काफी जर्जर है। विधायक बिहारी लाल आर्य ने क्षेत्र में सिंचाई की समस्या बताई। विधायक जवाहर लाल राजपूत ने जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग की।
भाजपा जिलाध्यक्ष जमुना प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि बस स्टैंड से लक्ष्मी ताल जाने वाली सड़क पर डाली गई पाइप लाइन के कारण पूरी सड़क में गड्ढे ही गड्ढे हो गए हैं। सड़क खोदने के बाद फिर से बनाना चाहिए था। वह कई बार शिकायत कर चुके हैं। प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि जांच कराएं। जालौन सांसद भानुप्रताप वर्मा ने मनरेगा के अंतर्गत जॉबकार्ड बनाने का सुझाव दिया। डीएम आंद्रा वामसी ने कहा कि जिला योजना की बैठक में बबीना और झांसी कैंटोनमेंट क्षेत्र को शामिल किया गया है, ताकि वहां रहने वालों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। बबीना कैंट में होम्योपैथी और आयुर्वेद चिकित्सकों की सुविधा देने पर विचार किया गया।
प्रभारी मंत्री ने पत्रकारों से कहा कि पिछले बार की जिला योजना में इसलिए पैसा नहीं आ सका, क्योंकि अधिकांश पैसा कोरोना में खर्च हो गया। विधायक निधि बंद हो गई थी। कर्मचारियों को वेतन तक नहीं दिया जा सका। अब काम पटरी पर आ रहे हैं। लक्ष्मीताल का काम स्मार्ट सिटी के अंतर्गत कराया जा रहा है।
इस मौके पर एमएलसी रमा निरंजन, सीडीओ शैलेष कुमार, भाजपा के प्रदीप सरावगी, संजीव श्रंगीऋषि, डीएफओ वीके मिश्रा, सीएमओ डॉ. जीके निगम आदि मौजूद रहे।