अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। ठंड के सीजन में गर्मी का अहसास बरकरार है। बुधवार को दिन के तापमान में मामूली इजाफा हुआ। लगातार दूसरे दिन न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस बना रहने से झांसी प्रदेश में सबसे शीर्ष पर रहा। आने वाले चार-पांच दिनों में भी ऐसा ही मौसम रहने का पूर्वानुमान है।
पहाड़ों की ओर से आने वाली ठंडी हवाओं की बेरुखी और मैदानी इलाकों से हवाएं आने की वजह से पिछले कुछ दिनों से झांसी के तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली है। दिन में गर्म कपड़े पहनने पर लोगों को पसीना आने लगा है। रात में भी गलन नहीं हो रही है। बुधवार को झांसी का अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 4.3 डिग्री ज्यादा है।
कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आदित्य कुमार सिंह का कहना है कि इस सप्ताह ऐसा ही मौसम रहने का पूर्वानुमान है। तापमान में एक से डेढ़ डिग्री का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। दिन में ऐसी ही धूप खिली रहेगी।