झांसी। अब बुंदेलखंड में भी भाजपा दिग्गजों का डोर-टू-डोर कैंपेन शुरू होने जा रहा है। इसकी शुरूआत झांसी से होगी। तीसरे चरण में होने वाले चुनाव के मद्देनजर उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा दो फरवरी को झांसी आएंगे। वो बबीना कैंट और समथर में घर-घर जनसंपर्क करके भाजपा के पक्ष में वोट मांगेंगे।
चुनाव आयोग की तरफ से बड़ी रैलियों, जनसभाओं के मद्देनजर भाजपा के दिग्गज नेताओं ने जनता के बीच जाकर घर-घर जनसंपर्क शुरू कर दिया है। पश्चिमी यूपी में भाजपा के कई बड़े नेता जनसंपर्क कर रहे हैं। अब दो फरवरी से इसकी शुरूआत बुंदेलखंड में झांसी से होने जा रही है।
बुधवार को डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा का झांसी आने का कार्यक्रम तय हो गया है। इसी
दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वर्चुअल सभा भी होनी है। वह बबीना कैंट के सिद्धी विनायक विवाहघर में वर्चुअल सभा में शामिल होंगे। इसके बाद कैंट में ही घर-घर जनसंपर्क
करेंगे। यहां से वो सीधे समथर पहुंचेंगे। यहां पर भी घर-घर दस्तक देकर भाजपा की नीतियों,
योजनाओं के बारे में बताकर प्रत्याशी के पक्ष में वोट मांगेंगे।
अभी सदर के लिए तय नहीं हुआ नाम
पीएम की वर्चुअल सभा का प्रसारण बबीना कैंट के साथ-साथ दीनदयाल सभागार में होगा।
इसके अलावा सभी 12 मंडलों में भी प्रसारण कराया जाएगा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी लिंक भेजा जाएगा। ताकि, अधिक से अधिक व्यक्ति मोबाइल, लैपटॉप पर पीएम का संबोधन सुन सके। हालांकि, सदर विधानसभा में कौन आकर घर-घर जन संपर्क करेगा, इसको लेकर अभी नाम तय नहीं हो पाया है।
दो फरवरी को उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा के आने का कार्यक्रम तय हो गया है। वो पीएम
की वर्चुअल सभा में शामिल होंगे। साथ ही बबीना कैंट, समथर में घर-घर जनसंपर्क भी करेंगे। - मुकेश मिश्रा, महानगर अध्यक्ष, भाजपा।