झांसी। क्लीनिक से घर लौट रहे चिकित्सक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। पुलिस ने उनके शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। सीपरी बाजार के मसीहागंज निवासी नरेंद्र सिंह (62) दिनारा के चंदावर रोड
में प्राइवेट क्लीनिक चलाते थे। मंगलवार को रोजाना की तरह शाम करीब छह बजे वह क्लीनिक बंद करके बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह डगरवाह गांव के पास पहुंचे पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह छिटककर सड़क पर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। थोड़ी देर में रक्सा पुलिस मौके पर पहुंच गई। टोल एंबुलेंस की मदद से उनको महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया।