झांसी-ग्वालियर राजमार्ग पर गुरुवार रात को अंबाबाय के पास पैदल घर जा रहे युवक को ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे मौके पर ही युवक की मौत हो गई। मृतक की दो दिन बाद शादी थी। शनिवार को बरात भोजला जाना थी। घटना से गुस्साए लोगों ने ग्वालियर राजमार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाकर लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।
थाना सीपरी बाजार के प्रीतमपुरा गांव निवासी जितेंद्र अहिरवार घर के काम से ग्वालियर राजमार्ग की तरफ आए थे। रात करीब 9 बजे वह पैदल घर जा रहे थे। अंबाबाय के पास पीछे से रहे एक ट्रक ने टक्कर मार दी। घटना को अंजाम देकर चालक भाग निकला। घटना की खबर मिलते ही एकत्रित हुए गांव वालों ने झांसी-ग्वालियर राजमार्ग पर पहुंचकर जाम लगा दिया।
सूचना मिलते ही सीपरी बाजार पुलिस ने पहुंचकर गांववालों से वार्ता कर जाम खुलवाया। गांव वाले वाहन चालक को पकडऩे की मांग पर अड़े रहे। पुलिसकर्मियों के आश्वासन के बाद सभी माने। बताया गया है कि शनिवार को मृतक की शादी थी। घटना की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा।