झांसी। झांसी-बीना रेलखंड के बीच स्थित जीरौन स्टेशन पर तीसरी रेल लाइन के साथ नॉन इंटर लॉकिंग का काम पूरा हो गया। इस काम के पूरा होने से इस सेक्शन में भी ट्रेन की रफ्तार बढ़ जाएगी। जल्द ही इस सेक्शन पर ट्रेन दौड़ना शुरू कर देगी।
ट्रेनोें का ओवर ट्रैफिक लोड सर्वाधिक झांसी-बीना सेक्शन के बीच है। इसको देखते हुए झांसी-बीना के बीच 2488 करोड़ रुपये से तीसरी लाइन बिछाई जा रही है। कुल 153 किमी लंबी इस तीसरी लाइन में ललितपुर-बिजरौठा, बिरला नगर- बानमोर, झांसी-बबीना, आंतरी-डबरा समेत अन्य सेक्शन में काम पूरा हो चुका है। कुछ दिनों पहले जीरौना स्टेशन पर भी तिहरीकरण के साथ नॉन इंटर लॉकिंग का काम भी पूरा हो गया। अब जल्द ही इस पर गाड़ियों का संचालन भी आरंभ हो जाएगा। इससे बीना की ओर जाने वाली ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने में मदद मिलेगी। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि यहां नॉन इंटर लाकिंग का काम पूरा कर लिया गया है। इस रेलखंड के शेष कार्य भी तयशुदा समय में पूरा कर लिए जाएंगे।