ग्राम लावन में रविवार व सोमवार की दरम्यानी रात बारिश के बीच एक मकान पर बिजली गिरने से कमरे के ऊपर लगा लोहे का टिनशेड ध्वस्त होकर नीचे गिर गया। इस हादसे में टिनशेड के नीचे कमरे में सो रहे परिवार के 5 सदस्य घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार चेतराम झा मोंठ में स्थित विश्वकर्मा मंदिर में पूजा करते हैं और अधिकतर समय वहीं रात्रि विश्राम करते हैं। कुछ दिन पहले उनके घर पर उनके पुत्र माताप्रसाद के बच्चे का जन्मदिन मनाया गया था, जिसके चलते घर में रिश्तेदार भी आए थे। घटना के समय मकान में चेतराम का 40 वर्षीय पुत्र माताप्रसाद, माताप्रसाद की 35 वर्षीय पत्नी नेहा, माताप्रसाद की 10 वर्षीय पुत्री देविका के अलावा उनके साले-साली राधिका और संतोष (दोनों निवासी भोपाल) कमरे में सो रहे थे।
रविवार व सोमवार की दरम्यानी रात लगभग 1 बजे अचानक मौसम बिगड़ गया व तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने लगी। इसी दौरान अचानक बिजली चेतराम के मकान के टिनशेड पर गिर गई। बिजली गिरते ही धमाका हुआ और कमरे के ऊपर लगा टिनशेड टूटकर नीचे आ गिरा। शेड गिरने से कमरे में सो रहे सभी लोग मलबे व पानी की चपेट में आ गए, जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद घर में अफरातफरी मच गई व आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोठ पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीरता को देखते हुए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। गृहस्वामी चेतराम ने बताया कि हादसे में लगभग 5 क्विंटल गेहूं, बर्तन, कपड़े आदि घरेलू सामान भी नष्ट हो गया। टिनशेड टूटकर गिरने से कमरे में पानी भर गया, जिससे घर का सामान खराब हो गया। ग्रामीणों ने कहा कि मकान पर लोहे का टिनशेड व सोलर ऊर्जा की प्लेट लगी थी, जिसने बिजली को अपनी ओर आकर्षित कर लिया। सूचना मिलने पर हल्का लेखपाल हेमंत राजपूत मौके पर पहुंचे व नुकसान का मुआयना कर रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेज दी है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक मदद दिलाने की मांग की है।