कोछाभांवर इलाके में सीएचसी कर्मी के सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों के सोने-चांदी के जेवरात समेत 48 हजार रुपये उड़ा दिए। सोमवार को लौटने पर घर के ताले टूटे देख मकान मालिक के होश उड़ गए।
थाना नवाबाद के कोछाभांवर इलाके में सीएचसी कर्मी के सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों के सोने-चांदी के जेवरात समेत 48 हजार रुपये उड़ा दिए। सोमवार को लौटने पर घर के ताले टूटे देख मकान मालिक के होश उड़ गए। पुलिस ने छानबीन की।
विज्ञापन
मूल रूप से गुरसराय के मड़ोरी गांव निवासी श्याम सिंह मऊरानीपुर स्थित सीएचसी में तैनात हैं। उन्होंने कुछ महीने पहले ही कोछाभांवर में नया घर बनवाया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि पत्नी अंजूलता के साथ देवउठनी एकादशी की पूजा करने के लिए वे लोग घर में ताला बंद कर एक नवंबर को अपने गांव चले गए थे। घर में ताला बंद था। सोमवार रात करीब नौ बजे जब वे लोग लौटकर आए तो बाहरी दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। कमरों के दरवाजे के ताले चटकाए गए थे। अंदर का पूरा सामान जमीन पर पड़ा हुआ था। आलमारी का ताला भी तोड़ दिया गया था। उसके अंदर सोने-चांदी के जेवरात समेत 48 हजार रुपये बदमाशों ने उड़ा दिया। आशंका जताई जा रही कि बाहर का ताला तोड़ने के बाद सीढ़ी के रास्ते बदमाश घर के भीतर पहुंचे। दरवाजों को हथौड़े से तोड़ने के बाद भीतर घुसे।