पूंछ। रात के समय ससुराल पहुंचे युवक को छत के रास्ते घर में घुसना महंगा पड़ गया। ससुरालियों ने दामाद की मारपीट कर दी, इसके बाद पुलिस को सूचना देकर थाने भिजवा दिया। मामला थाना पूंछ के ग्राम पनारी का है, थाना मोंठ के ग्राम बड़ा बेलमा निवासी एक युवक रात करीब एक बजे ग्राम पनारी अपनी ससुराल पहुंचा। मुख्य गेट पर आवाज दी लेकिन गेट नहीं खुला। लोग गहरी नींद में सोए हुए थे काफी देर इंतजार करने के बाद युवक से रहा नहीं गया वह पाइप के सहारे छत पर पहुंच गया। सीढ़ियों के सहारे नीचे आंगन में पहुंचा। आवाज सुनकर परिजन जाग गए और दामाद को दबोच लिया, उसकी जमकर मारपीट कर दी। ससुराल वालों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। रविवार को दोनों पक्षों के लोग थाने पहुंचे और समझौता कर युवक को छुड़ा ले गए।