jhansi reach top ten in download arogya setu app
झांसी। कोरोना वायरस से बचाव को भारत सरकार द्वारा जारी आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने में झांसी टॉप टेन में शामिल है। जिले के लाखों लोगों ने एप डाउनलोड किया है। इसके चलते जिला प्रदेश में आठवें पायदान पर है। शनिवार को कमिश्नर सुभाष चंद्र शर्मा ने एप डाउनलोडिंग को लेकर समीक्षा की।
कमिश्नर ने कहा कि आरोग्य सेतु एप डाउनलोड में प्रदेश में झांसी आठवें, जालौन 33 वें और ललितपुर 53 वें स्थान पर है। एप को प्ले स्टोर से एंड्रॉयड फ ोन पर अपलोड किया जा सकता है। कोरोना महामारी से बचाव एवं स्व मूल्यांकन हेतु भारत सरकार द्वारा आरोग्य सेतु नाम से एक आधुनिक मोबाइल एप को विकसित किया गया है, जो कोरोना वायरस के खतरे एवं जोखिम का आकलन करने में नागरिकों की मदद करेगा। यह मोबाइल एप ब्लूटूथ, लोकेशन एवं मोबाइल नंबर का उपयोग कर आसपास मौजूद लोगों के बारे में अलर्ट जारी करता है। एप में विशेषताओं के साथ राज्यवार कोरोना हेल्पलाइन सेंटर की सूची भी उपलब्ध है। इस एप के माध्यम से उपयोगकर्ता द्वारा किसी भी समय पूर्व निर्धारित प्रश्नों का उत्तर देकर स्वयं अपना मूल्यांकन किया जा सकता है। एप का पूरा डाटा भारत सरकार द्वारा निजता कानून के तहत सुरक्षित रखा गया है। इस मौके पर अपर आयुक्त सर्वेश कुमार दीक्षित, अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. सुमन बाबू मिश्रा, आरएफसी नरेंद्र कुमार, जेडीसी चंद्रशेखर शुक्ला मौजूद रहे।