शहर के शिवाजी नगर निवासी एक प्रॉपर्टी डीलर ने फांसी लगाकर जान दे दी। बुधवार सुबह उसका शव खिड़की पर फंदे से लटका देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। परिजनों का कहना है कि पैसों की वजह से वह काफी समय से परेशान चल रहा था।
थाना नवाबाद के शिवाजी नगर इलाके के मढ़ियापुरा निवासी हामिद रजा उर्फ मुन्ना (38) पुत्र शाहबुद्दीन कमीशन लेकर प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। पिछले साल कोरोना के बाद से उसका धंधा मंदा चल रहा था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मुन्ना नशे का भी आदी था। अकसर वह काफी नशा कर लेता था। इसको लेकर घर में विवाद भी होता था। पास में पैसा न होने से वह कई दिनों से परेशान चल रहा था।
मंगलवार रात करीब 10 बजे उसने सभी के साथ बैठकर खाना खाया। इसके बाद वह किसी को कुछ बताए बिना घर से बाहर घूमने चला गया। परिवार के लोग भी सो गए। सुबह उसका शव कमरे की खिड़की में स्वेटर के सहारे लटका मिला। यह देखकर उसका भाई घबरा गया। उसने आवाज देकर आसपास के लोगों को बुला लिया।
घटना की सूचना तुरंत नवाबाद पुलिस को दी गई। थोड़ी देर में विश्वविद्यालय चौकी से पुलिस उसके घर में पहुंच गई। पुलिस ने उसके शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। देर शाम पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। नवाबाद इंस्पेक्टर सुधाकर मिश्रा के मुताबिक परिजनों ने किसी तरह की अन्य आशंका नहीं जताई है।