त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन-2026 के लिए बूथ लेबल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाता सूची का मिलान करने और उसे दुरुस्त करने में जुट गए हैं। इस दौरान सूची में नाम जोड़ने और मृतकों का काटने के साथ ही संशोधन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने बताया कि मंगलवार से बीएलओ डोर टू डोर पहुंचकर मतदाता सूची ठीक करने में जुट गए। इस दौरान नए मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ा जा रहा है। साथ ही गणना फार्म भी भरा जा रहा है। मतदाता सूची दुरुस्त होने के बाद अन्य प्रक्रिया पूरी करते हुए 15 जनवरी तक निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। तहसील एवं अन्य विभागीय कर्मी मतदाता पुनरीक्षण कार्य में जुट गए हैं।
इसी क्रम में बृहस्पतिवार को एसडीएम टहरौली गौरव कुमार आर्या ने ग्राम परसा में डोर टू डोर चल रहे अभियान में ग्रामीणों से मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराए जाने की अपील की। इसी तरह एसडीएम प्रदीप कुमार ने गांव भलौनी में पुनरीक्षण कार्य का सत्यापन किया। उन्होंने कहा कि जो लोग स्थाई रूप से गांव छोड़कर दूसरे जिलों में रहने लगे हैं, उनकी जानकारी भी दें। ताकि उनका नाम पृथक किया जा सके। एसडीएम गरौठा सुनील कुमार ने भी अपने इलाकों में दौरा करके के बीएलओ के कार्यों को परखा।