तीन साल पहले भी पॉलीटेक्निक कॉलेज के छात्रों ने एक युवती के साथ दुष्कर्म की कोशिश की थी। कॉलेज के पास के रास्ते से गुजर रही एक युवती को छात्र घसीटकर झाड़ियों में ले गए थे। लेकिन, छात्रों के अपने मंसूबों में कामयाब होने से पहले ही मौके पर भीड़ जमा हो गई थी, जिसके बाद छात्र मौके से फरार हो गए थे।
पॉलीटेक्निक कॉलेज के छात्रावास में रहने वाले छात्र आसपास की आबादी के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। हालात ये हैं कि कॉलेज की पास की सड़क से गुजरने में महिलाएं-युवतियां अपने को असुरक्षित महसूस करती हैं।
तीन साल पहले दोपहर में पॉलीटेक्निक के कुछ छात्रों ने आईटीआई रेलवे क्रॉसिंग के पास एक युवती को दबोच लिया था। सड़क से गुजर रही युवती को घसीटकर छात्र पास की झाड़ियों में ले गए थे और उसे घेर लिया था।
इसी दरम्यान वहां लकड़ी बीनने गई एक महिला ने ये देख लिया। महिला ने चीखपुकार शुरू कर दी और सड़क से गुजर रहे राहगीरों को इकट्ठा कर लिया। ये देख युवती को छोड़कर छात्र भाग गए थे। इस घटना में युवती को चोटें भी आईं थीं। हालांकि, युवती ने पुलिस में मामला दर्ज नहीं कराया, जिससे आरोपियों पर शिकंजा नहीं कसा जा सका।
छेड़खानी की घटनाएं हैं आम
झांसी पॉलीटेक्निक कॉलेज के इर्दगिर्द छेड़खानी की घटनाएं आम हैं। कॉलेज के पास की सड़कों से गुजरने वाली महिलाओं से छात्र हॉस्टल के भीतर से अश्लील इशारे करते हैं। सड़क पर अकेला पाकर घेर लेते हैं और छेड़खानी करने से नहीं चूकते। ऐसे में महिलाओं के लिए इन छात्रों से बचना बेहद मुश्किल हो जाता है। हालात ये हैं कि तमाम महिलाएं इस सड़क से गुजरने से कतराने लगी हैं।