दारोगा को पैसे भेज रहे हैं साथी पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
झांसी कोतवाली में तैनात एक दारोगा की विपरीत परिस्थिति में जिस तरह उनके साथी पुलिसकर्मी मदद के लिए सामने आ रहे हैं, वह काबिले तारीफ है। कोतवाली में तैनात दारोगा संजीव जादोन की तबीयत इन दिनों काफी खराब है और उनके पास इलाज के लिए पैसे भी नहीं हैं।
दरअसल पिछले दिनों उन्हें दिल का दौरा पड़ गया था। इसके बाद ही ब्रेन हेमरेज भी हो गया। पहले उन्हें ग्वालियर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण अब उन्हें ग्वालियर से दिल्ली रेफर कर दिया गया है।
परिजनों के पास अब उनके इलाज के लिए पैसे नहीं है। एक हादसे में घायल मां का उपचार कराते-कराते संजीव ने अपने खेत और जमीन तक बेच दिए थे, लेकिन मां बच नहीं पाई थीं। अब ऐसे में संजीव के परिजन इलाज कराने में असमर्थ हैं।
इसलिए जिले के पुलिसकर्मियों ने उनकी मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है। सभी थानों के थानेदार ने मिलकर दारोगा की मदद के लिए उनके खाते में अपनी सामर्थ्य के अनुसार पैसे भेज रहे हैं, जिससे उनके इलाज में मदद हो सके।